दिल्ली सीमा पर पुलिस ने बढ़ाई सख्ती, कर्मचारियों को भी बॉर्डर क्रॉस करने से रोका

4/13/2020 4:15:19 PM

झज्जर(प्रवीण): लाॅकडाउन का सही ढंग से पालना करवाने के लिए झज्जर पुलिस अब सख्ती से काम ले रही है। राजधानी दिल्ली से सटी झज्जर जिले की सभी सीमाओं को सील किया गया है। पुलिस कर्मचारी आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रहे हैं। वहीं अब रोजाना काम के लिए जाने वाले दिल्ली के कर्मचारियों को दिल्ली में ही रहने की हिदायतें दी गई है। 

डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि बिना वैलिड पास के किसी भी व्यक्ति को हरियाणा की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। इतना ही नहीं हरियाणा की सीमा में प्रवेश करने वाली सभी एंबुलेंस की भी जांच की जा रही है और एंबुलेंस में मरीज नहीं होने की स्थिति में उसे हरियाणा की सीमा में प्रवेश भी नहीं करने दिया जा रहा है। 

उन्हाेंने कहा कि दिल्ली में तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी कई कोरोना हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगी हुई है। ऐसे में अगर कर्मचारी हरियाणा की सीमा में रोजाना आते जाते हैं तो हरियाणा में भी कोरोना वायरस के फैलने का खतरा बढ़ सकता है। इसीलिए कर्मचारियों को दिल्ली में ही रहने की हिदायतें दी गई है।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से नाके पर तैनात पुलिस जवानों के स्वास्थ्य के लिए भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों को हाइड्रो क्लोरो क्वीन और विटामिन सी की गोलियां दी जा रही हैं। इसके साथ ही इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए पुलिस कर्मचारियों को संतरे भी खिलााए जा रहे हैं।

वहीं जिलेभर में माइक्रो सर्वे का काम शुरू किया गया है। इस सर्वे में कर्मचारियों की टीमें घर घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगी। लोगों को सरकारी सहायता मुहैया करवाने के लिए भी इन्हीं टीमों का सहारा लिया जाएगा। 

एसडीएम तरुण पावरिया ने बताया कि बहादुरगढ़ के धर्मपुरा से माइक्रो सर्वे की शुरुआत की गई और उसके बाद जटवाड़ा मोहल्ला के साथ-साथ पूरे जिले भर में 200 अलग-अलग टीमें इस काम को पूरा करने में जुट गई है। जल्द ही इस काम को पूरा कर लिया जाएगा।

लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार जुटे हुए हैं। लॉकडाउन पीरियड के दौरान 3140 वाहनों के चालान किए गए हैं। लाॅकडाउन का उल्लंघन करने पर 105 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 114 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। अच्छी बात यह है कि झज्जर जिले में अब तक कोई भी करोना पॉजिटिव केस फिलहाल नहीं मिला।

Edited By

vinod kumar