BJP नेता के धमकी भरे दावों पर पुलिस ने दिया बड़ा बयान, गवाह का खुलासा- खुद तैयार किया पूरा घटनाक्रम
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 07:14 PM (IST)
करनाल: हरियाणा के पूर्व डिप्टी स्पीकर चौधरी वेदपाल के बेटे और भाजपा नेता चौधरी विजयपाल को मिली 'ग्रेनेड हमले' की धमकी और 50 लाख की रंगदारी के मामले में एक बड़ा उलटफेर सामने आया है। करनाल पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद विजयपाल के दावों को सिरे से नकार दिया है।
सिविल लाइन्स थाना इंचार्ज रामलाल ने बताया कि विजयपाल की शिकायत पर गहनता से जांच की गई और मुख्य गवाह के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार जांच में अब तक धमकी या फिरौती का कोई सबूत नहीं मिला है। मामले के मुख्य गवाह विशेष वर्मा, जिन्हें विजयपाल ने कॉल रिकॉर्ड करने को कहा था, ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि सुरक्षा (Security) लेने के उद्देश्य से यह पूरा घटनाक्रम तैयार किया गया। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी विदेशी नंबर या पाकिस्तान से आई कॉल की पुष्टि नहीं हुई है।
विजयपाल के आरोप: "प्रशासन की जांच पर सवाल"
दूसरी ओर, भाजपा नेता चौधरी विजयपाल अपने दावों पर अडिग हैं। उन्होंने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा "मेरे पास पर्याप्त सबूत हैं और समय आने पर मैं इन्हें सबके सामने रखूंगा। विजयपाल के अनुसार, उन्हें विदेश से धमकी भरी कॉल आई थी जिसमें परिवार को ग्रेनेड और बम से उड़ाने की बात कही गई थी। न्होंने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि उनके पिता पर पहले भी आतंकी हमले हो चुके हैं, जिसके कारण पूरा परिवार डरा हुआ है और घर से बाहर नहीं निकल रहा है।
विजयपाल ने शिकायत दी थी कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। उन्होंने उच्च अधिकारियों को ईमेल के जरिए भी इस खतरे से अवगत कराया था। हालांकि, पुलिस की थ्योरी अब इस मामले को पूरी तरह संदिग्ध मान रही है।