फतेहाबाद में रोडवेज हड़ताली कर्मचारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज(Video)

9/5/2018 3:51:46 PM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट): फतेहाबाद में रोडवेज की हड़ताली कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया है। पुलिस ने रोडवेज कर्मचारियों को घसीट-घसीट कर बसों में भरा और हिरासत में ले लिया। फिलहाल सभी कर्मचारियों को फतेहाबाद की पुलिस लाइन में रखा गया है और बस सेवा को 6-7 रूटों पर बहाल कर दिया गया है। पुलिस द्वारा बल प्रयोग के दौरान कई कर्मचारी घायल भी हुए है कईयों की आंख और हाथ पर चोट आई है। 

गौरतलब है कि आज हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों के द्वारा पूरे प्रदेश में चक्का जाम का ऐलान किया गया था। जिसके बाद कल 4 सितंबर को भी प्रशासन के द्वारा फतेहाबाद के सभी बस स्टैंड परिसर के आस पास 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू कर दी गई थी। आज अलसुबह रोडवेज कर्मचारियों के द्वारा बस स्टैंड परिसर के अंदर ही धरना शुरू कर दिया गया और बस सेवा को रोका गया। 

जिसके बाद पुलिस के द्वारा बल प्रयोग करके रोडवेज कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए रोडवेज जीएम राहुल सिंह ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों के द्वारा बसो को चलने नहीं दिया जा रहा था। 

जिसके बाद उनके द्वारा पुलिस की सहायता ली गई और रोडवेज कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल उनके द्वारा कई रूटों पर बस सेवा को बहाल कर दिया गया है।

वहीं सिरसा में सुबह सवेरे रोडवेज की बसों को अड्डे से कर्मचारियों ने नहीं निकलने दिया, लेकिन सुबह 7 बजे प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर चक्का जाम को खुलवा दिया, फि़लहाल सिरसा में हालात सामान्य हैं। सिरसा रोडवेज के जी एम के आर कौशल ने बताया की फि़लहाल सिरसा में हालात सामान्य है,सुबह पहली बसों को कर्मचारियों ने जाने नहीं दिया था, लेकिन सुबह इन कर्मचारियों को हिरासत में लेकर चक्का जाम खुलवा दिया है।
 

Rakhi Yadav