गिरफ्तारी देने से पहले ही सिंघम के क्वार्टर पर पहुंची 2 थानों की पुलिस, अर्ध नग्न अवस्था में किया गिरफ्तार

2/9/2023 12:19:17 PM

पानीपत (सचिन) : जिला पुलिस के कुछ अधिकारियों द्वारा अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करते हुए अवैध वसूली करने के आरोप लगाने वाले कांस्टेबल आशीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बीती दो फरवरी को सिंघम पुलिसकर्मी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। इसकी जानकारी खुद कांस्टेबल ने एक वीडियो जारी कर दी है। 

आशीष कुमार ने कहा था कि एक एएसआई के कहने पर उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं हो सकता था। इसके पीछे जरूर कुछ बड़े अधिकारियों का हाथ है। इसके बावजूद उन्हें ही सजा दी जा रही है। सिंघम ने बताया था कि वह 9 फरवरी आज एसपी ऑफिस में जाकर अपनी गिरफ्तारी देंगे। गिरफ्तारी देने से पहले ही सिंघम के पुलिस लाइन में क्वार्टर पर दो थानों की पुलिस पहुंची। गाली गलौज करते हुए अर्ध नग्न अवस्था में आशीष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के पहुंचते ही सिंघम ने फेसबुक पर लाइव हो कर जानकारी दी है। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस गिरफ्तार कर थाने में ले गई। 


2 फरवरी को वीडियो जारी कर एएसआई पर लगाए थे गंभीर आरोप


गौरतलब है कि बीती 2 फरवरी को एक एएसआई के साथ कांस्टेबल आशीष कुमार की हाथापाई हो गई थी। आशीष कुमार ने एक वीडियो जारी कर एएसआई पर अवैध वसूली करने के आरोप लगाए थे।आशीष कुमार ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि कई पुलिसकर्मी पानीपत में वाहन चालकों से अवैध वसूली कर हर दिन हजारों रुपए की कमाई करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां पुलिसकर्मी सरेआम रिश्वत लेते हुए नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। हेड कांस्टेबल ने बताया कि उनके पास वीडियो में सबूत भी है। इसके बावजूद उनके खिलाफ ही कार्रवाई की जाती है। आशीष कुमार ने कहा कि ईमानदारी से काम करने पर उनके खिलाफ ही कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन के अधिकारी सरेआम हो रही रिश्वतखोरी को रोक नहीं पा रहे है। सिंघम पुलिसकर्मी ने कहा कि उन्हें एक बार फिर से लाइन हाजिर कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशासन को चूड़ियां पहन लेनी चाहिए। यही नहीं उन्होंने कहा कि उन्हें नौकरी जाने का कोई डर नहीं है। अधिकारी चाहें तो उन्हें आज ही नौकरी से निकाल दें।


सिंघम बोले- इस एफआईआर के पीछे कई बड़े अधिकारियों की है मिलीभगत


2 फरवरी को घटना के बाद सिंघम पुलिसकर्मी गृह मंत्री अनिल विज के दरबार में भी पहुंचे थे, जहां विज ने उन्हें मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया था। एएसआई के साथ हुई बहस की घटना के बाद आज उन्होंने अपने ऊपर एफआईआर होने की बात कही है। वैसे तो यह एफआईआर बीती 2 फरवरी को ही दर्ज की गई थी, लेकिन इसकी जानकारी आज खुद सिंघम ने ही वीडियो जारी कर दी है। आशीष कुमार ने बताया कि उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 186,323,332,353,506 व 120-बी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सिंघम ने कहा कि उन्होंने उसी दिन सबूतों के साथ एएसआई मुकेश त्यागी के खिलाफ शिकायत दी थी। इसके बावजूद उसके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आशीष कुमार ने कहा कि इस मामले में जरुर बड़े अधिकारियों का हाथ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी ईमानदारी किसी को रास नहीं आ रही है। दरअसल वे अपना काम करते हुए पुलिस के कई अधिकारियों के काले कारनामे उजागर कर रहे हैं। इसलिए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। वहीं उन्होंने कहा कि वे गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में जाकर अपनी गिरफ्तारी देंगे। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   


 

Content Writer

Manisha rana