(VIDEO) पलवल में पुलिसकर्मी की दादागिरी, टैक्सी ड्राइवर का छीना मोबाइल; वीडियो वायरल... DSP ने दिए जांच के आदेश
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 11:58 AM (IST)
पलवल (दिनेश कुमार) : हरियाणा में कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेस-वे पर एक पुलिसकर्मी ने टैम्पो ट्रैवलर ड्राइवर का मोबाइल छीन लिया। ड्राइवर ने जब इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मी उसे गालियां देने लगा। पुलिसकर्मी की हरकत देखकर ट्रैवलर में बैठी सवारी भी बाहर आ गई।
ट्रैवलर ड्राइवर गुस्से में रोड पर ही हंगामा करने लगा। हंमागा बढ़ता देख पुलिसकर्मी डायल-112 में बैठकर वहां से चला गया। ट्रैवलर ड्राइवर ने इस पूरी घटना की वीडियो बना ली, जिसमें पुलिसकर्मी रोड के बीच में खड़ा दिखाई दे रहा है। कुछ लोग उसे घेरकर खड़े हैं।
ड्राइवर का कहना है कि पुलिसकर्मी ने चालान काटने के नाम पर उनकी गाड़ी रोकी। काफी देर तक उन्हें रोक कर रखा, जबकि हमारे पास गाड़ी के सभी डाक्यूमेंट है। उधर, DSP हेडक्वार्टर का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।
चार धाम की यात्रा के लिए निकला: कुंडली-गाजियाबाद एक्सप्रेस-वे पर 25 अप्रैल को डायल-112 पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल (HC) शकील ने मध्य प्रदेश नंबर की एक टैम्पो ट्रैवलर रुकवा ली। ट्रैवलर ड्राइवर शरद पाटिल का कहना है कि मैं एमपी के बड़वानी से चार धाम की यात्रा के लिए निकला था। गाड़ी में 14 सवारियां बैठी हुई थी, जिनमें 8 महिला और 6 पुरूष थे।
कुंडली एक्सप्रेस- वे पर ट्रैवलर रोकी: शरद ने बताया कि मथुरा, वृंदावन में दर्शन कर हम कुंडली एक्सप्रेसवे से होते हुए यात्रा के लिए जाने लगे। कुछ ही दूरी पर चलने के बाद गांव छाज्जूनगर टोल के पास पलवल पुलिस की डायल 112 गाड़ी में सवार पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को हाथ दिया, मैंने गाड़ी रोक ली।
पुलिसकर्मी चालान करने पर अड़ा: ट्रैवलर ड्राइवर शरद के अनुसार, डायल 112 की गाड़ी में शकील नाम का एक हेड कॉन्स्टेबल और एक अन्य पुलिसकर्मी बैठा हुआ था। जब मैंने गाड़ी रुकवाने का कारण पूछा तो पुलिसकर्मी गाड़ी के ऊपर सामान होने पर चालान करने की बात कहने लगे।
फोन छीनकर गालियां देने लगा: ड्राइवर शरद ने बताया कि मेरे पास गाड़ी के सभी कागज मौजूद थे, गाड़ी को टैक्सी में चलाने की पर्मिशन भी है, इसके बाद भी पुलिस अवैध रूप से चालान काटने पर अड़ी रही। जब मैंने इसका विरोध किया तो हेड कॉन्स्टेबल शकील भड़क गया। मेरा फोन छीन लिया। मुझे गालियां भी दीं।
अब वन टू वन पढ़िए…HC और ड्राइवर में क्या बातचीत हुई
ड्राइवर- रुको -रुको, बोलो बोलो, क्या बोल रहे हो आप। हेड कॉन्स्टेबल- जो बनेगा उसका।
ड्राइवर- क्या बोल रहे हो, ये लगेज रखा है मेरी गाड़ी पर। बोलो सर जी अब…. हेड कॉन्स्टेबल- क्या बोलूं।
ड्राइवर- चालान का क्या बोल रहे हो। हेड कॉन्स्टेबल- आप लाईसेंस दिखा दो।
ड्राइवर- सब बता दूंगा मैं आपको। हेड कॉन्स्टेबल- हां दिखा दो, दिखा दो।
ड्राइवर- किस बात का चालान बनाने को बोल रहे हो। हेड कॉन्स्टेबल- वीडियो बनाओ इसका (दूसरे पुलिसकर्मी से)।
ड्राइवर- हां बनाओ ना, मेरा वीडियो बनाओ। हेड कॉन्स्टेबल- कोई बात ना, अब आराम से बात कर लो।
ड्राइवर- आराम से ही बात कर रहा हूं। हेड कॉन्स्टेबल- हां आराम से बात करो।
ड्राइवर- आप चालान का क्यों बोल रहे हो मेरे को? हेड कॉन्स्टेबल- मैं बनाउंगा तेरा चालान, तेरी…इसके बाद गालियों की आवाज आती है।
HC बोला- गलती से फोन पर लगा हाथ
मामले पर हेड कॉन्स्टेबल शकील ने बताया कि टेम्पो ट्रैवलर टोल बूथ से पहले सड़क के बीच में खड़ी हुई थी। हमने ड्राइवर को कहा कि इसको साइड़ में खड़ी कर ले, वर्ना इसका चालान हो जाएगा। इसी बात पर उसने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान गलती से मारा हाथ उसके मोबाइल पर लग गया। इसी बात को लेकर उन्होंने विवाद खड़ा कर दिया।
उधर, पलवल पुलिस प्रवक्त संजय का कहना है कि मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। पलवल पुलिस सदैव लोगों की मदद के लिए तैयार रहती है।