घर में की जा रही थी अफीम की खेती, पुलिस ने छापा मार बरामद किए 2200 पौधे

3/27/2021 2:19:04 PM

टोहाना (सुशील): जाखल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बाजीगर बस्ती में छापामार कार्रवाई करते हुए एक घर में अफीम की खेती पकड़ी है। पुलिस ने मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार रामचंद्र अहलावत को बुलाकर कार्रवाई को पूरा किया। घर के आंगन में लगाए गए अफीम के 2200 पौधों को पुलिस ने कब्जे में लेकर मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस बारे डीएसपी टोहाना बिरम सिंह ने बताया कि एएसआई कृष्ण कुमार को गुप्त सूचना मिली कि बाजीगर बस्ती में एक घर के अंदर अफीम की खेती की जा रही है। पुलिस ने सूचना के आधार पर टीम का गठन कर बाजीगर बस्ती निवासी भीम सिंह के घर पर छापा मारा तो वहां पर 250 वर्गफुट एरिया में अफीम के पौधे लगे हुए मिले। पुलिस ने तुरंत नायब तहसीलदार रामचंद्र अहलावत को बुलाकर मामले में कार्रवाई करते हुए उक्त नशीले पदार्थ को उखाड़कर कब्जे में ले लेकर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी ने बताया कि बरामद किए अफीम पौधों की कीमत करीब छह लाख रुपए है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar