रेवाड़ी में पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर, पति ही निकला पत्नी का हत्यारा; हत्या की वजह जान चौंक जाएंगे

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 05:25 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : हरियाणा के रेवाड़ी जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मृतका ज्योति के पति कंवरपाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शराब के नशे में अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। 

डीएसपी पवन ने बताया कि 30 मई की रात कंवरपाल शराब पीकर घर पहुंचा था। पत्नी ज्योति ने उसके शराब पीने का विरोध किया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर कंवरपाल ने ज्योति के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उसने ज्योति के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसे बाथरूम में बंद कर घर से बाहर चला गया। पुलिस के अनुसार अगले दिन रविवार तड़के करीब तीन बजे आरोपी वापस लौटा। उस समय तक ज्योति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने शव को चटाई में लपेटा और मंदोला के पास धवाना स्थित माखरिया की बणी में फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके। 

मृतका ज्योति उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के गांव कुमीडिया की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2018 में मंदोला निवासी कंवरपाल के साथ प्रतापगढ़ के एक मंदिर में हुई थी। दंपति का एक चार वर्षीय बेटा भी है। मृतका के पिता रामाधार की शिकायत पर खोल थाना पुलिस ने कंवरपाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ज्योति के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static