पुलिस ने मनचलों के खिलाफ शुरु किया ‘ऑपरेशन मजनूं’, 4 मजनुओं को किया गिरफ्तार

9/10/2021 8:34:21 AM

फरीदाबाद (ब्यूरो) : फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने महिला सुरक्षा को फरीदाबाद पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए अपने कार्यालय में दुर्गा शक्ति वाहिनी के बल्लबगढ़, एनआईटी और सेन्ट्रल की टुकडय़िों से मिले और उनसे महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कार्यों के गुणवत्ता पर चर्चा की। वहीं जिला पुलिस द्वारा ऑपरेशन मजनूं की आज शुरुआत की गई जिसके तहत महिला पुलिसकर्मियों ने 4 मजनुओं को गिरफ्तार भी किया। 

पुलिस कमिश्रर ने साफ तौर पर हिदायत दी है कि मनचलों की अब खैर नहीं होगी। पुलिस आयुक्त ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सभी जोनों को उपलब्ध संसाधन व उपकरण के साथ क्षेत्र में तैनात रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वयं डॉयल 1091 पर कॉल करके इसके कार्यशैली की जानकारी ली और महिला सुरक्षा के लिए तैनात दुर्गा शक्ति वाहिनी से प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव मांगा। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय ने वाहिनी का हौसला बढ़ाते हुए महिला पुलिसकर्मी के दो भूमिका निभाने की चुनौतियों में सहानुभूति प्रकट करते हुए हर संभव सहयोग देने की बात कही। बेहतर कार्य के लिए बल्लभगढ़ जोन के दुर्गा शक्ति वाहिनी की महिला सिपाही माया को पुरस्कृत भी किया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देश के दो घंटे के अंदर सादी वर्दी में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने चार मनचलों को गिरफ्तार किया। चारों मनचले महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करते अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए।

सादी वर्दी में मनचलों पर रहेगी नजर
पुलिस कमिश्रर द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार महिला पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी तैनात रहेंगी तथा मनचलों पर नजर रखेंगी। इनकी तैनाती सार्वजनकि स्थानों, स्कूल, कॉलेजों के बाहर तथा ऐसे स्थानों पर रहेगी जहां महिलाओं व युवतियों का आवागमन ज्यादा रहता है जिसमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि शामिल होंगे। यह सादी वर्दी में तैनात महिलापुलिसकर्मी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वालों पर सख्ती से नकेल कसेंगी।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana