पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी मामले में आरोपी काबू

1/29/2021 10:22:45 AM

कुरुक्षेत्र : थाना शहर थानेसर पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लगभग 17 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में विशाल, रविन्द्र थानेसर व सलोनी लुधियाना पंजाब को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया 3 नवम्बर 2020 को अनिल कुमार जिला फतेहाबाद ने कार्यालय पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने आईलेट्स की परीक्षा पास की थी। जिसको विदेश भेजने के लिए वीजा लगवाने की जरुरत थी।

संजय कुमार फतेहाबाद ने उसको बताया कि अगर उसको विदेश में पढ़ाई करने के लिए वीजा लगवाना है तो कुरुक्षेत्र में नया बस स्टैण्ड के सामने ओवरसीज नाम से दफ्तर है। वह तुम्हारा वीजा लगवा देंगे। पीड़ित यहां आया, जहां  विशाल, रविन्द्र, रणवीर व सलोनी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि वीजा लगवाने के लिए आपको 3 लाख रुपए एडवांस जमा करवाने होंगे। पीड़ित ने 15 जनवरी 2019 को 3 लाख रुपए विशाल को दिए। 20 जनवरी 2019 को विशाल ने उससे फोन पर 7 लाख रुपए की मांग की।

उन्होंने कहा कि आपको विदेश भेजने का काम शुरू हो गया है, उन्हें ऑफर लैटर मंगवाने व कॉलेज की फीस भरने के लिए 7 लाख रुपए की जरूरत है। उसने आरोपी के खाते में 30 जनवरी 2019 को 4 लाख रुपए व 31 जनवरी 2019 को 3 लाख ट्रांसफर किए। उसके बाद आरोपियों ने उसका शारीरिक मैडीकल करवाने के नाम पर 32 हजार रुपए की मांग की। 5 मार्च 2019 को उसने आरोपियों के खाते में 32 हजार रुपए ट्रांसफर किए। कुछ महीने बाद आरोपियों ने नई चाल चली और कहा कि जो कोर्स आप आस्ट्रेलिया में करना चाहते थे, वह कोर्स बन्द हो गया है। वह आपका कनाडा का वीजा लगवा देते हैं। इसके लिए प्रोसैस दोबारा से शुरू करना होगा। आपकी जो पेमैंट हमारे पास आई है, वह रिफंड करवा लेंगे और कनाडा के वीजा में एडजैस्ट कर देंगे। इसके बाद आरोपियों ने उसे कनाडा भेजने के नाम पर उससे अलग-अलग समय में 5 लाख 85 हजार रुपए लिए। 

मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक गुलजार सिंह को सौंपी गई थी।  जिसने मामले की जांच करते हुए उपरोक्त आरोपियों को अदालत परिसर कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर आरोपियों को पुन: अदालत में पेश करके अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।

Manisha rana