शहरी व ग्रामीण जनता के अनुरूप बनाएंगे नीतियां : हुड्डा

7/24/2018 10:22:56 AM

रतिया(झंडई): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार आने के पश्चात ऐसी नीतियां बनाएंगे जिससे शहरी और ग्रामीण एक साथ यह फक्र से कहेंगे कि असल में जनता के इच्छाओं के अनुरूप सरकार बनी है। हुड्डा सोमवार को जनक्रांति रथ यात्रा के रतिया प्रवेश के दौरान रतिया के पूर्व विधायक जरनैल सिंह के प्रयासों से आटो मार्कीट में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के किसानों को बर्बाद कर देगी। 

किसान को फसल का वाजिब दाम नहीं मिला और न ही उनकी तैयार फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिला। उन्होंने बार-बार सरकार को चेताया लेकिन सरकार का रवैया टाल मटोल वाला रहा। किसान भाजपा की झूठ और लूट से पूरी तरह उकता गया है। भाजपा नेताओं का भाषण ही उनका शासन है, क्योंकि वह अपना भाषण झूठ से शुरू करते हैं और झूठ पर ही खत्म करते हैं। 

हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने खाद के दाम घटाने की बात कही लेकिन जून 2018 में जारी पत्र के अनुसार डी.ए.पी. के रेट 1076 से बढ़कर 1290 रुपए प्रति बैग कर दिया है और साथ में यूरिया के बैग का वजन घटाकर 50 के बजाय 45 किलो कर दिया है। सरकार बताए कि खाद के रेट बढ़ाने व वेट घटाने से किसान को क्या मिला। एम.एस.पी. का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नया न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करते वक्त सम्पूर्ण लागत के बजाय आंशिक लागत को आधार बनाया। सरकार ने कीटनाशक दवाइयों पर व ट्रैक्टर के स्पेयर पाटर्स 18 प्रतिशत जी.एस.टी. के कारण किसान पर अतिरिक्त भार डाला और उसकी गणना तक नहीं की। 

उन्होंने याद दिलाया और किसानों से पूछा कि आपको याद ही होगा कि कांग्रेस राज में नरमा 7500 रुपए और धान 5000 रुपए प्रति किं्वटल तक बिका और यह सब नीतियों का परिणाम है। हमने किसान हितैषी नीतियां बनाई और भाजपा ने किसान विरोधी। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही बुढ़ापा पैंशन 3000 रुपए प्रति माह देगी। उन्होंने कहा इनैलो अनोखी पार्टी है, क्योंकि कहने को तो यह दावा करते हैं कि वह विपक्षी पार्टी है लेकिन विधानसभा और लोकसभा में यह हमेशा भाजपा के साथ खड़ी मिलती है। 

इस मौके पर रतिया के पूर्व विधायक जरनैल सिंह, पूर्व मंत्री परमवीर सिंह, विधायक शकुंतला खटक, पूर्व मंत्री कृष्णमूॢत हुड्डा, पूर्व सी.पी.एस. प्रह्लाद सिंह गिल्लाखेड़ा, पूर्व संसदीय सचिव विनोद भयाना, पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, पूर्व विधायक संत कुमार, वीरेंद्र, राम निवास घोड़ेला, चक्रवर्ती शर्मा, रणधीर सिंह, धर्मवीर गोयत, जयदीप धनकड़, संदीप तंवर, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू, दिव्यांशु बुद्धिराजा, धर्मेंद्र ढुल, सुरेंद्र दहिया, सूर्य देव दहिया, करण सिंह कादयान, खुशी राम, प्रदीप पूंडरी, प्रवीण चौधरी, अभिजीत सिंह, अनिल धनखड़ समेत अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
 

Rakhi Yadav