आदमपुर उपचुनाव: पुराने वीडियो वायरल कर किए जा रहे हैं सियासी हमले

10/23/2022 10:15:24 AM

हिसार: आदमपुर उपचुनाव में पुराने वीडियो वायरल कर राजनीतिक पार्टियां सियासी हमले कर रही हैं। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा को लेकर आदमपुर विरोधी बताया जा रहा है। यही नहीं सोशल मीडिया पर करीब 12 साल पहले चंडीगढ़ में हरियाणा जनहित कांग्रेस वर्करों पर हुए लाठीचार्ज का वीडियो भी वायरल कर मामले को ताजा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस लाठीचार्ज में हजकां के 53 वर्करों को चोटें लगी और उनकी गाडिय़ां भी तोड़ दी गई थी।  इस वीडियो में हुड्डा को कांगे्रस विरोधी बताया गया। वहीं कुछ अन्य वीडियो भी इस उपचुनाव में वायरल हो रहे हैं, जो कुलदीप बिश्नोई और भाजपा नेताओं को लेकर भी हैं।

सांसद धर्मबीर ने कांग्रेस के भविष्य पर उठाया सवाल
भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार टूटती जा रही है। कांग्रेस इस समय भारत जोड़ों यात्रा चला रही है लेकिन सबसे पहली जरूरत कांग्रेस जोड़ों की है। उन्होंने कटाक्ष किया कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष का होना जरूरी है लेकिन दो योजनाओं से वे देख रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी लोकसभा में मुख्य विपक्षी दल का दर्जा भी हासिल नहीं कर पा रही है। ऐसे में अब कौन कांग्रेस की तरफ जाएगा, कांग्रेस क्या कर पाएगी कोई कुछ नहीं कह सकता।

कांग्रेसी मुंगेरी लाल के हसीन सपने ले रहे ;कुलदीप
वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि कांग्रेसी मुंगेरी लाल के हसीन सपने ले रहे हैं। कांग्रेस हुड्डा पिता-पुत्र की पार्टी बनकर रह गई है। प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर वरिष्ठ व कद्दावर कांग्रेसी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस और हुड्डा के सत्ता में आने की दूर-दूर तक संभावना नहीं रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।

Content Writer

Isha