अमेजन कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी, इंटरनेशनल साइबर ठगी रैकेट का भंडाफोड़...4 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 12:55 PM (IST)

पंचकूला(उमंग श्योरण): पंचकूला में साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए अंतरराष्ट्रीय ठगी के रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर-2 मार्केट स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी कर 21 लोगों को हिरासत में लिया है।  मामले में चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-2 मार्केट में स्थित अल्फा इवेंट कंपनी के कार्यालय से विदेशी नागरिकों के साथ साइबर ठगी की जा रही है।  सूचना के आधार पर साइबर थाना टीम ने सोमवार देर रात को छापा मारा।  कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों नवदीप, अक्षय टिक्कू, रजा और अंकुर कपूर को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया।*

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 19 कंप्यूटर, 3 लैपटॉप, 11.30 लाख रुपये नकद, 3 वॉकी-टॉकी, 16 हेडसेट, 2 वाई-फाई राउटर, एक नोट गिनने की मशीन, 3 पीओएस मशीनें तथा सोने के आभूषण बरामद किए हैं।  सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

अमेरिका के नागरिकों को बनाते थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अमेरिका के नागरिकों को अपना शिकार बनाते थे। इसी वजह से कॉल सेंटर का संचालन भी अमेरिकी समय के अनुसार किया जाता था।
कार्यालय शाम करीब 7 बजे खुलता था और रात 3 बजे तक काम चलता था।


आरोपी खुद को अमेजन कंपनी का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर अमेरिका के नागरिकों को फोन करते थे। बातचीत के दौरान उन्हें विभिन्न बहानों से उलझाकर उनके क्रेडिट कार्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी, जिसके बाद उनके खातों से ठगी को अंजाम दिया जाता था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाया जा रहा है कि ठगी के इस अंतरराष्ट्रीय रैकेट से अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया गया और कितनी रकम की धोखाधड़ी की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static