पोस्टमैन हत्या मामला: छह महीने पहले हुआ था विवाद, इसी का बदला लेने के लिए कर दिया कत्ल

10/21/2021 3:35:24 PM

रेवाड़ी (योगेंद्र सिंह): मुंबई के पोस्टमैन एवं जिले के गांव कालूवास निवासी गौरव की हत्याकांड में पुलिस के हाथ कुछ पुख्ता सुराग लगे हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो छह महीने पहले हुए मामूली विवाद के चलते आरोपियों ने गौरव पर गोली चलाकर उसकी हत्या की थी। पुलिस के रडार पर कुछ आरोपी आ चुके हैं और सब कुछ पुलिस की प्लानिंग के अनुसार रहा तो जल्द ही आरोपी पुलिस शिकंजे में होंगे। 

पहले सट्टा-जुआं विवाद एंगल पर पुलिस जांच कर रही थी, लेकिन परिजनों से जुटाई जानकारी के बाद यह नया एंगल आया और पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है। मालूम हो कि 19 अक्टूबर को कालूवास निवासी 26 वर्षीय गौरव जब घर के बाहर टहल रहा था तभी बाइक पर आए बदमाशों ने उस पर फायर झोंककर उसकी हत्या कर दी थी। गौरव मुंबई में पोस्ट ऑफिस में कार्यरत था और भाई सौरव की 16 नवंबर को शादी होने के कारण वह एक माह की छुट्टी लेकर गांव आया हुआ था। 

सूत्रों के अनुसार छह माह पूर्व गौरव छुट्टी पर गांव आया हुआ था और किसी बात पर उसका यहां पर विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते चार लोगों ने मिलकर उसकी हत्या की होगी। पुलिस जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है और जल्द ही इस मामले के आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ जाएंगे। इसके लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar