सत्ता के नशे में चूर खट्टर सरकार ने विरोध नहीं करने दिया: अशोक तंवर

2/15/2018 8:54:41 PM

जींद (धरणी): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व में आज प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जीन्द में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हरियाणा दौरे के विरूद्ध रोष व्यक्त करने के लिए काले झण्डे दिखाए।  डॉ. तंवर के नेतृत्व में हजारों कांग्रेस कार्यकत्र्ता जब एस.पी. ऑफिस से रैली स्थल की ओर प्रस्थान करने लगे तो खट्टर सरकार के आदेश पर जिला कचहरी के पास उन्हें गिरफ्तार करके थाना सदर ले जाया गया और बाद में रिहा कर दिया गया।

गिरफ्तारी देते समय डॉ. तंवर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं का यह प्रदर्शन भाजपा की हरियाणा सरकार और केन्द्र की एनडीए सरकार की जन-विरोधी नीतियों के विरोध में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से सड़कों के किनारे खड़े होकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को काले झंडे दिखा कर अपना विरोध प्रकट कर रहे थे परंतु सत्ता के नशे में चूर खट्टर सरकार के तानाशाही फरमान पर हमें अपना विरोध प्रदर्शन तक नहीं करने दिया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में लोकतंत्र की आवाज उठाने पर जेल मिलती है। हमारा संविधान हर नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का हक देता है परंतु भाजपा सरकार ने अपने इस कृत्य द्वारा देश के संविधान का भी अपमान किया है। उन्होंने कहा कि रैली की व्यवस्था करने के लिए देशभर से सुरक्षाकर्मी बुलाये गये और सरकारी खजाने से सौ करोड़ रूपये से भी अधिक का खर्च किया गया जिसका कोई औचित्य नहीं था। भाजपा की इस रैली का कोई लाभ नहीं हुआ बल्कि आमजन को बेवजह कठिनाईयों का सामना करना पड़ा।

तंवर ने कहा कि रैली के दौरान मोटर साईकलों पर सवार होकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने जिस प्रकार यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई और लोगों को परेशान किया उसके लिए उनके विरूद्ध कानून के अनुसार कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रैली में स्टेज पर हरियाणा सरकार के मंत्री जिस प्रकार बंदरों की तरह नाच रहे थे वो बिल्कुल अशोभनीय था।

इस अवसर पर गिरफ्तार होने वालों में पूर्व मंत्री बीजेन्द्र कादयान, पूर्व विधायक दयानन्द शर्मा, प्रमोद सहवाग, रघुबीर भारद्वाज, धर्मपाल कटारिया, रोहित दलाल आदि भी शामिल थे। पंचकुला, यमुनानगर व कुरुक्षेत्र से जो कांग्रेस कार्यकत्र्ता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हरियाणा दौरे का विरोध करने के लिए जीन्द जा रहे थे उन्हें कुरुक्षेत्र में ही गिरफ्तार कर लिया गया और दोपहर बाद करीब दो बजे उन्हें छोड़ दिया गया।