पी.आर. धान की खरीद होने से कृषकों को मिली राहत

10/31/2019 12:56:42 PM

कैथल (गौरव/ महीपाल) : किसानों को उस समय राहत मिली जब सरकारी खरीद एजैंसियों ने उनकी धान की खरीद कैथल मंडियों में शुरू की। हालांकि, नए गेट पास नहीं कटे और पुराने ही गेट पास की खरीद हुई है। इससे किसानों को कुछ राहत मिली है लेकिन सूत्रों के अनुसार किसानों को यह राहत स्थायी न मिलकर अस्थायी तौर पर मिली है।

किसानों की शिकायत थी कि उनको मंडी में पी.आर. किस्म की धान लाए लगभग 5 से 10 दिन हो गए परंतु कोई अधिकारी उनकी धान खरीदने नहीं आ रहा क्योंकि प्रदेश सरकार ने प्रदेश में धान की खरीद बिना किसी सूचना के बंद कर दी थी। इससे काफी किसान अपनी धान मंडी में लाने के बावजूद बेचने से रह गए थे। नई मंडी के आढ़ती वीरभान जैन ने बताया कि आज हैफेड, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग व हरियाणा वेयरहाऊस ने सरकार के आदेशों के बाद किसानों की हजारों किंविंटल धान को खरीद लिया।

सरकार के आदेश पर धान मंडी से आज तो खरीदा गया परंतु पता चला कि यह खरीद सिर्फ एक दिन के लिए थी। अभी तक सरकारी अधिकारियों को भी नहीं पता कि खरीद कब तक होगी। राजौंद की अनाज मंडी में 6 दिनों से बंद धान की खरीद शुरू होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। किसानों ने बताया कि वह 6 दिनों से दिन-रात मंडी में धान लिए बैठे थे।

बुधवार को जैसे ही धान की खरीद हुई, उन्हें कुछ राहत महसूस हुई है। अब वह आगे की फसल की तैयारी कर सकेंगे। मंडी एसोसिएशन के चेयरमैन राजेश राणा ने बताया कि बुधवार को हरियाणा वेयरहाऊस ने लगभग 12,000 कट्टïे धान की खरीद की है। जिनके गेट पास कटे हुए थे, उनकी धान खरीदी गई है।
 

Isha