कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में हिसार की प्रज्ञा ने किया टॉप, गोल्ड मेडल से सम्मानित

4/25/2018 8:54:34 PM

हिसार(विनोद सैनी): हिसार की रहने वाली प्रज्ञा ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में यूनिवर्सिटी स्तर पर एमए इंगलिश में प्रथम स्थान लेकर गोल्ड मेडल हासिल किया है। प्रज्ञा गंभीर ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एमए इंग्लिश में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सर्वाधिक 71.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए है। प्रज्ञा को कुरुक्षेत्र विश्वविद्लाय में आयोजित समारोह में मुरुथल यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. राजेंद्र कुमार अनायत ने मेडल देकर सम्मानित किया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी हर कक्षा में प्रज्ञा गंभीर श्रेष्ठ प्रदर्शन करती रही है। बीए इंग्लिश ऑनर्स में प्रज्ञा गंभीर ने विश्वविद्यालय में पांचवां स्थान हासिल किया था। अपनी मेहतन व लगन से अब वह एमए अंग्रेजी में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल हुई है। प्रज्ञा पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहती है और शास्त्रीय नृत्य, हरियाणवी आर्केस्ट्रा, शास्त्रीय आर्केस्ट्रा की प्रतियोगिताओं में कई पुरस्कार जीत चुकी हैं।



खास बात है कि प्रज्ञा की माता डॉ. रेणुका गंभीर भी अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सितार वादिका हैं। इसके साथ साथ वे राजकीय महाविद्यालय हिसार में संगीत विषय की ऐसोसिएट प्रोफेसर हैं। प्रज्ञा गंभीर अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता एवं सभी शिक्षकों को देती हैं जिन्होंने उन का समय-समय पर मार्गदर्शन किया।

प्रज्ञा गंभीर ने कहा कि उसके परिजनों ने शिक्षा में काफी सहायता की उसकी बहन जो कनैडा में रहती है उसने भी मुझे काफी सहयोग मिला। छात्रा ने बताया कि आज गोल्ड मैडल हासिल करने पर उसे काफी खुशी है वह आने वाले समय में नेट की परीक्षा की तैयारी करके और साथ पीएचडी करेगी।

Shivam