कमलेश पांचाल की छुट्टी, प्रतिभा सुमन बनीं प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष

7/10/2017 7:17:42 PM

चंडीगढ़: हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष कमलेश पांचाल की छुट्टी कर दी गई है और प्रतिभा सुमन को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रतिभा सुमन अब हरियाणा महिला आयोग की नई अध्यक्ष होंगी। कमलेश पांचाल की सरकार से दूरियां और मनोहर सरकार से उनके मनमुटाव की खबरें अक्सर मीडिया में सुर्खियां बनती थी। कमलेश पांचाल खुद भी मौजूदा सरकार पर बेरूखी के आरोप कई बार लगा चुकी थी। ऐसे में अब कमलेश पांचाल को हटाना प्रदेश के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय भी बन सकता है।

कौन हैं प्रतिभा सुमन?
प्रतिभा सुमन हरियाणा की राजनीति का बड़ा नाम है। मौजूदा दौर में प्रतिभा सुमन प्रदेश की भाजपा कार्यकारिणी की विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। इससे पहले वो प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं. प्रतिभा का जन्म सोनीपत के गोहाना में हुआ था मगर सियासी तौर पर उन्होंने रोहतक में अपनी जमीन तैयार की है।

प्रतिभा का सियासी सफर
प्रतिभा सुमन साल साल 2013 से 2016 तक प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रहीं। इससे पहले वो महिला मोर्चा के सचिव का पद भी संभाल चुकी थी। रोहतक में साल 2002 में सर्वसम्मति से उन्हें रोहतक नगर परिषद का अध्यक्ष चुना गया था। इसके बाद भी उन्होंने नगर परिषद के लिए अलग अलग वार्डों से पार्षद का चुनाव लड़ा। प्रतिभा सुमन जाट शिक्षण संस्थान की सदस्य भी रह चुकी हैं। इसके साथ ही वो रोहतक समाज कल्याण विभाग की सदस्य का पद भी संभाल चुकी हैं और साल 1992 से आर्य समाज से भी जुड़ी हैं।