डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला ने तोड़ा दम

5/21/2017 3:19:31 PM

सिरसा(सतनाम सिंह):सिरसा में महिला डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार सिरसा के गांव संतनगर की रहने वाली मनिंदर कौर गर्भवती थी। किन्हीं कारणों से बच्चे की मौत मां के पेट में ही हो चुकी थी, उसके बाद परिजनों ने गर्भवती महिला को अस्पताल में दाखिल करवाया, जहा डॉक्टर ने ऑपरेशन की बात कही। लेकिन महिला की डिलीवरी के बाद मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल की डॉक्टर सुनीता बेनीवाल और स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को लेने से मना कर दिया और पुलिस को शिकायत दी। 

मृतिका के परिजनों ने कहा कि बच्चे की मां के पेट में ही मौत हो चुकी थी और वे महिला की जान बचाने के लिए उसे अस्पताल में लेकर आए। यहां पहुंचने पर पहले डॉक्टर ने कहा कि नार्मल डिलीवरी से मृत बच्चे को बाहर निकाल लेंगे। लेकिन बाद में डॉक्टर ने सिजेरियन की सलाह दी, जिस पर उन्होंने हामी भर दी। लेकिन ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत बिगड़ गई। उनके बार बार कहने पर भी न तो डॉक्टर ने कोई ध्यान दिया अौर न ही स्टाफ ने कुछ किया। जिसके बाद महिला की मौत हो गई | परिजनों ने अस्पताल की डॉक्टर सुनीता बेनीवाल और स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। 

वहीं सिटी थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि आरोपी डॉक्टर और स्टॉफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल के प्रबंधक राज कुमार ने कहा कि उनके सामने लापरवाही की बात सामने आई है। नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।