गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

6/22/2019 12:03:49 PM

हिसार(ब्यूरो): समय पर इलाज नहीं मिलने से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतका हांसी से उमरा गांव वासी 23 वर्षीय नीतू का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतका नीतू के देवर जयसिंह ने बताया कि उसके भाई सावन की 3 साल पहले नीतू के साथ शादी हुई थी।  नीतू 9 माह की गर्भवती थी। देर रात को नीतू के पेट में दर्द होने लगा तो उसे गांव के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

रात को हालत ज्यादा खराब होने पर नीतू को उमरा से हांसी रैफर कर दिया गया। हांसी में डाक्टर्स द्वारा जांच किए जाने पर नीतू को गंभीर बताया और उसे हिसार के लिए रैफर कर दिया। जयसिंह के अनुसार रात के 2 बजे हिसार आते समय नीतू मय्यड़ टॉल प्लाजा के पास बेहोश हो गई। जब तक नीतू को हिसार नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया उसने दम तोड़ दिया। हिसार अस्पताल में नीतू को डाक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। नीतू के परिजनों ने इस मामले में डाक्टर्स पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है। पुलिस इस केस की जांच कर रही है।

Isha