प्रत्येक बूथ पर 50 नागरिकों को भाजपा विचारधारा से जोड़ने की तैयारी

6/1/2018 10:55:21 AM

चंडीगढ़(बंसल/पांडेय): केंद्र की मोदी सरकार की 4 साल की उपलब्धियों से लोगों को जोडऩे और भविष्य का खाका तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से लेकर संगठन में नीचे स्तर तक के पदाधिकारी 11 जून तक मैदान में होंगे। केंद्र सरकार की 15 लाभार्थी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सम्मेलन कर उनमें उत्साह भरा जाएगा और बुद्धिजीवी, साहित्यकार, कलाकारों को राष्ट्र विकास को आधार मानने वाली भाजपा विचारधारा से अवगत करवाया जाएगा। 

वीरवार को अपने एक दिन के हरियाणा प्रवास पर चंडीगढ़ पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सिलसिलेवार तरीके से भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारियों से संगठन की कार्ययोजना पर तथा बाद दोपहर बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके कैबिनेट सदस्य, विधायक, बोर्ड-निगम चेयरमैन के साथ बैठक कर योजनाओं का फीडबैक लिया और मंत्री और कोर गु्रप सदस्यों के साथ भी बैठक की।

अपने संबोधन में भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को 5 बूथ पर विशेष सम्पर्क अभियान के दौरान कार्ययोजना पर काम करना है और अधिक से अधिक नागरिकों तक अपनी पहुंच सुनिश्चित करनी है। उन्होंने कहा कि 9 जून से 11 जून तक बूथों पर विशेष सम्पर्क अभियान चलाए जाएंगे, जिसमें सामाजिक आमजन के साथ-साथ भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू होंगे।


मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वैसे तो भाजपा के अभियान लगातार चलते हैं परंतु कभी-कभी विशेष जनसम्पर्क अभियान चलाए जाते हैं। ऐसे अभियानों को कामयाब करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि संगठन के निर्देश पर अब पार्टी कार्यकर्ता जुट जाएं और अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचना सुनिश्चित करें। 

विशेष सम्पर्क अभियान की तैयारी में प्रत्येक विधानसभा स्तर पर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मेलन किया जाएगा। पत्रकारवार्ताओं के माध्यम से 4 साल की उपलब्धियां आमजन के बीच पहुंचाई जाएंगी। जिला स्तर पर बुद्धिजीवी, साहित्यकार एवं कलाकारों का सम्मेलन होगा। इस दौरान प्रत्येक बूथ पर 50 लोगों से बूथ प्रमुख एवं मंडल कार्यकारिणी के सदस्य सम्पर्क साधकर संगठन को मजबूत करेंगे तथा प्रचार सामग्री वितरित करेंगे। 


 

Rakhi Yadav