हरियाणा में रेल व उड़ान सेवाओं का जाल बिछाने की तैयारी में सरकार

7/4/2018 10:52:22 AM

चंडीगढ़(बंसल): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर प्रदेश में रेल व उड़ान सेवाओं के बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं, ताकि आवागमन की सुविधा बढऩे से विकास के नए रास्ते खुल सकें। किसी भी प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए इन सेवाओं का विस्तार होना जरूरी है। हिसार में अंतर्राष्ट्रीय विमानन केंद्र (हवाई अड्डा) तैयार होने की स्थिति में है और सरकार की कोशिश है कि यहां से 15 अगस्त से उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएं। उड़ान सेवाएं शुरू होने पर मुख्यमंत्री पहली टिकट खरीदकर यात्रा करेंगे। 

इस हवाई अड्डे से शुरू में दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए सेवाएं शुरू होगी। हरियाणा सरकार और निजी कम्पनियों के बीच होने वाले एम.ओ.यू. में इस बात का भी उल्लेख रहेगा कि यदि जरूरत हुई तो यहां से बाकी स्थानों के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू करने के विकल्प खुले रखे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दिल्ली से पानीपत रिफाइनरी के बीच शुरू होने वाली रैपिड रेल सेवा की डिटेल परियोजना रिपोर्ट (डी.पी.आर.) तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। दिल्ली से पानीपत रिफाइनरी तक जाने वाली हाईस्पीड ट्रेन के लिए एलोवेटिड पाथ बनाए जाने की योजना है। हाईवे के साथ-साथ पिलर खड़े कर यह रास्ता बनाया जाएगा। 

पानीपत में सिवाह समेत ट्रेन के तीन स्टेशन प्रस्तावित हैं। प्रदेश सरकार हिसार के बीच तीव्र गति के (सुपर फास्ट) रेलमार्ग को विकसित करने की योजना के लिए प्रयासरत है। इस ट्रैक के पूरी तरह से विकसित होने के बाद दिल्ली, हिसार और चंडीगढ़ का सफर बेहद आसान तथा कम समय में पूरा होगा। 

मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री, हरियाणा 
किसी भी प्रदेश के विकास के लिए आवागमन की सुविधाएं बढ़ाना जरूरी है। पूरे प्रयास किए जा रहे हैं कि हिसार हवाई अड्डे विमान सेवाएं 15 अगस्त तक शुरू हो जाएं। विमान सेवाएं शुरू होने पर टिकट खरीदकर पहला यात्री बनने की कोशिश रहेगी। दिल्ली से हिसार के बीच तेज गति का रेल ट्रैक बनाए जाने की परियोजना पर तेजगति से काम चल रहा है।  अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दिल्ली से पानीपत के बीच हाईस्पीड ट्रेन चलाने की डी.पी.आर. तैयार की जाए। 
 

Deepak Paul