स्लोवेनिया, आर्मेनिया में हरियाणा को प्रमोट करने की तैयारी

6/27/2018 9:31:41 AM

चंडीगढ़(बंसल): हरियाणा अब विदेशी लोगों को अपनी सांस्कृतिक धरोहर, पर्यटन और औद्योगिक संभावनाओं सहित आधा दर्जन क्षेत्रों को आकर्षित करेगा। इसके लिए बुधवार से स्लोवेनिया और आर्मेनिया में भारतीय राजदूत हरियाणा में 2 दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। 

प्रदेश सरकार और भारतीय राजदूतों के मध्य बैठकों का दौर होगा। जिसमें हरियाणा की विशेषताओं पर इन देशों के सैलानियों और निवेशकों को आकर्षित करने पर जोर रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारतीय राज्यों के प्रति विदेशों में माहौल बनाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें विभिन्न देशों में मौजूद भारतीय राजदूत अपने प्रदेशों को उन देशों में प्रोत्साहित कर रहे हैं। 

इस कड़ी में स्लोवेनिया के राजदूत 1987 बैच के अधिकारी परमजीत मान और आर्मेनिया देश के राजदूत 1994 बैच के अधिकारी योगेश्वर सांगवान बुधवार से हरियाणा के 2 दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। अपने अभियान के दौरान भारतीय राजदूत राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ शिष्टाचार बैठक करेंगे तथा इसके बाद मुख्य सचिव और विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ योजनाओं पर मंथन करेंगे। इस दौरान अधिकारी अपनी प्रैजैंटेशन भी रखेंगे।

भारतीय राजदूतों के साथ बैठक में अधिकारी उनके सामने हरियाणा की सांस्कृतिक धरोहर की पै्रजैंटेशन रखेंगे। यही नहीं कृषि क्षेत्र में उठाए गए कदम, किसान कल्याण की योजनाएं, ग्रामीण विकास और व्यवस्था सुधार के लिए उठाए गए कदम, औद्योगिक विकास और निवेशकों को आकर्षित करने वाली ऑनलाइन योजनाएं, अप्रवासी भारतीयों को दी जाने वाली सुविधाएं, स्वास्थ्य क्षेत्र में उठाए गए कदम और पर्यटन क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं पर चर्चा होगी।
 

Rakhi Yadav