Haryana में 28वें राज्य खेलों की तैयारी शुरू, खिलाड़ियों के चयन और प्रशिक्षण के लिए नई व्यवस्था लागू
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 07:20 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (एचओए) ने प्रदेश में खेलों को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जल्द ही 28वें हरियाणा राज्य खेलों के आयोजन का निर्णय लिया है। सोमवार को एसोसिएशन की वार्षिक बैठक में इस संबंध में महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल ने की, जबकि हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री एवं एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण लाल पंवार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। खिलाड़ियों की तैयारियों को और बेहतर बनाने, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा प्रदर्शन में निरंतर सुधार के लिए कई सुझावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्य खेलों की तैयारियों को मिली हरी झंडी
बैठक में 28वें हरियाणा राज्य खेलों की प्रारंभिक रूपरेखा पर विचार करते हुए प्रस्तावित खेल विधाओं, संभावित आयोजन स्थलों, प्रतियोगिता कैलेंडर, संचालन व्यवस्था और बजट पर चर्चा की गई। कार्यकारिणी को सभी आवश्यक तैयारियां तत्काल शुरू करने के लिए अधिकृत किया गया।
एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च
इस अवसर पर महासचिव कृष्ण लाल पंवार ने हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से खिलाड़ियों और खेल संघों को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा भविष्य में खेलों के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
चयन प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी
बैठक में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय खेलों में भागीदारी से पहले चयन ट्रायल, कोचिंग कैंप और प्रशिक्षण शिविरों के संचालन के लिए मानक दिशानिर्देशों को मंजूरी दी गई। यह तय किया गया कि खिलाड़ियों के सभी आवश्यक दस्तावेज पंजीकरण के समय ही सत्यापित किए जाएंगे। साथ ही चयन ट्रायल विभिन्न स्थानों पर आयोजित करने और प्रतियोगिताओं से लगभग 20 से 25 दिन पहले पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने का निर्णय लिया गया।
खेल प्रशासन को मजबूत करने के लिए कई आयोग गठित होंगे
एसोसिएशन ने सुशासन और प्रभावी कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एथलीट आयोग, एथिक्स आयोग, महिला खेल आयोग, मेडिकल एवं स्पोर्ट्स साइंस आयोग, विधिक मामलों की समिति, वित्त समिति और विपणन समिति सहित कई आयोगों एवं समितियों के गठन को मंजूरी दी।
बैठक में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुनील मलिक, नीरज तंवर, राकेश सिंह और अनिल खत्री, संयुक्त सचिव रविंद्र पन्नू और नरेंद्र सिंह, कार्यकारिणी सदस्य प्रिया गौतम और रोहित पुंडीर सहित विभिन्न राज्य खेल संघों, जिला ओलंपिक संघों, सरकारी विभागों, संस्थानों और निगमों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)