Assembly elections की तैयारी तेज: सोनीपत में जुटेगी हरियाणा Congress, जिला प्रभारियों की परफॉर्मेंस की होगी समीक्षा

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 08:16 AM (IST)

चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी):  हरियाणा कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए संगठन को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और परिणाम आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी रणनीति के तहत 7 अगस्त को सोनीपत के लैंडमार्क रिजॉर्ट में प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह जिला इकाइयों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड देखेंगे तथा आगामी संगठनात्मक और राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि संगठन विस्तार अब केवल एक अभियान नहीं रहेगा, बल्कि इसे नियमित प्रक्रिया के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। ब्लॉक, जिला, मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों की हर महीने समीक्षा की जाएगी, ताकि तय समयसीमा के भीतर मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जा सके।

प्रदेश कांग्रेस अब तक 180 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में से लगभग 150 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर चुकी है। इसके अलावा 10 जिलों में मंडल स्तर का गठन भी पूरा हो चुका है। पार्टी का लक्ष्य शेष जिलों में भी जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना है।

संगठन विस्तार के साथ प्रदर्शन का भी होगा मूल्यांकन
सोनीपत में होने वाली बैठक केवल औपचारिक समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी। जिला अध्यक्षों से संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, मंडल एवं बूथ गठन, जनसंपर्क कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट ली जाएगी। साथ ही जनहित के मुद्दों पर पार्टी की सक्रियता का भी मूल्यांकन होगा और भविष्य की कार्ययोजना तय की जाएगी।

मासिक कार्य कैलेंडर लागू
कांग्रेस ने संगठन के लिए मासिक कार्य कैलेंडर भी लागू किया है। इसके तहत प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख तक ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठकें, 1 से 10 तारीख तक जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठकें तथा 10 से 15 तारीख के बीच जिला इकाइयों की समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त स्वयं भाग लेकर संगठनात्मक प्रगति की समीक्षा करेंगे।

बूथ स्तर तक मजबूत संगठन बनाने पर जोर
प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि हर गांव, वार्ड और बूथ तक सक्रिय एवं जवाबदेह संगठन खड़ा करना है, जो लगातार जनता के बीच काम करे। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार कर कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी मजबूत स्थिति के साथ मैदान में उतर सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static