कांग्रेस के ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ की तैयारी तेज, जींद में चाय पर चर्चा कर बनाई गई रणनीति

1/29/2023 6:01:45 PM

जींद(अमनदीप पिलानिया) : कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा और अब हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के जरिए नेताओं ने 2024 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल बजा दिया है। इसी कड़ी में आज जींद में कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई। कांग्रेस नेता प्रदीप गिल ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर चर्चा की। चाय पर चर्चा के बहाने कार्यकर्ता मीटिंग बुलाकर गांव-गांव में हाथ से हाथ जोड़ो की तैयारी तेज कर दी गई है।

 

 

2024 के लिए रोड मैप बनाने पर भी हुई बातचीत

 

कांग्रेस नेता प्रदीप गिल ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा को लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला है। लाखों लोगों ने कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक राहुल गांधी का समर्थन किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने अब 2024 के लिए अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसलिए आज जींद में भी चाय पर चर्चा कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया है। गिल ने बताया कि कांग्रेस द्वारा जल्द ही हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरूआत की जाएगी। इसलिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचने की सलाह दी जा रही है। जींद में हुई मीटिंग में यह तय हुआ है कि विधानसभा के गांव-गांव में जाकर कार्यकर्ता चाय पर चर्चा के माध्यम से कांग्रेस की विचारधारा को लोगों के बीच पहुंचाएं और आगामी चुनाव को लेकर भी बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत की जाए। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

Content Writer

Gourav Chouhan