दिल्ली की रैली से हरियाणा की राजनीति साधने की तैयारी

4/25/2018 1:44:42 PM

करनाल(रीटा शर्मा/विनीत पांडेय): रामलीला मैदान में 29 अप्रैल को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा की जा रही जनाक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए हरियाणा के कांग्रेस नेता भारी मशक्कत में जुटे हुए हैं। पार्टी द्वारा कहा जा रहा है कि यह रैली देश में अविश्वास और असहिष्णुता के माहौल व वर्तमान राजनीतिक हालात के विरोध में की जा रही है लेकिन अन्य पार्टियां इसे कांग्रेस द्वारा लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़ कर देख रहे हैं। इस रैली का सबसे ज्यादा असर दिल्ली के अलावा हरियाणा की राजनीति पर पड़ेगा क्योंकि अगले वर्ष यहां विधानसभा चुनाव होना है। यही कारण है कि इस रैली को सफल बनाने के लिए हरियाणा कांग्रेस के नेता कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पंकज पूनिया ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता और नेता कई दिनों से दिनरात मेहनत कर रहे हैं। सभी जिलों में बैठक कर लोगों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इस रैली में सिर्फ हरियाणा से ही 50 हजार कार्यकत्र्ता पहुंचेंगे। पंकज पूनिया ने कहा कि कार्यकर्ता अगले विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पहले से ही जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं, लेकिन इस रैली से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वह पूरे जोश के साथ चुनाव की तैयारी में जुटेंगे। साथ ही पार्टी में गुटबाजी की अफवाहों पर भी लगाम लगेगा। कार्यकर्ता एक पगड़ी और एक झंडे के नीचे एकत्रित होकर कार्य करेंगे। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के 3 साल के शासन के बाद समाज का हर वर्ग घुटन महसूस कर रहा है। लोगों में भय, अविश्वास और असहिष्णुता का माहौल हर जगह है।  

भाजपा पहले ही कर चुकी चुनावी शंखनाद
कांग्रेस की हरियाणा इकाई दिल्ली रैली के भरोसे जहां कार्यकर्ताओं को जगाने की तैयारी कर रही है, वहीं भाजपा मार्च से ही चुनाव की तैयारियों में जुटी है। पिछले माह करनाल में सी.एम. ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकें कर चुनावी मोड़ की घोषणा की थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुटने के साथ सामाजिक व धार्मिक संगठनों के साथ बैठक कर रूठे लोगों को मनाने की कोशिश की थी। जिसके बाद से प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
 

Deepak Paul