राष्ट्रपति मुर्मू ने हरियाणा को दी परियोजनाओं की सौगात, सिरसा में मेडिकल कॉलेज की रखी आधारशिला

11/29/2022 2:11:36 PM

कुरुक्षेत्र(विनोद): देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हरियाणा के दो दिवसीय दौरे के लिए कुरूक्षेत्र पहुंचीं, जहां उन्होंने गीता महोत्सव में शामिल होकर मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत की। इसके बाद श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवद्गीता सदन में अन्तर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार में भाग लिया और हरियाणा सरकार की 3 बड़ी परियोजनाओं का वर्चुअली शुभारंभ व शिलान्यास किया। इनमें हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग व्यवस्था, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना तथा सिरसा जिले में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखा जाना शामिल हैं।

 

 

6 डिपो में शुरू हुई ई-टिकटिंग की योजना

 

राष्ट्रपति मुर्मू ने हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का भी शुभारंभ किया है। राष्ट्रपति ने श्रीमद्भगवद् गीता सदन से ही हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली की शुरूआत कर दी है। बता दें कि प्रारंभिक चरण में 6 डिपो अर्थात् चंडीगढ़, करनाल, फरीदाबाद, सोनीपत, भिवानी और सिरसा में ई-टिकटिंग परियोजना को लागू किया गया है। इसी तरह हरियाणा रोडवेज के शेष 18 डिपो में जनवरी 2023 के अंत तक परियोजना को पूरी तरह से लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

 

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का किया उद्घाटन

 

श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का भी शुभारंभ किया। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के लोगों का हेल्थ चेकअप किया जाएगा। योजना के प्रथम चरण में अंत्योदय परिवार के लोगों को शामिल किया गया है।

 

 

राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय सिरसा की रखेंगी आधारशिला

 

राष्ट्रपति मुर्मू ने सिरसा जिले में 21 एकड़ भूमि पर बनने वाले चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की भी आधारशिला रखी। यह मेडिकल कॉलेज करीब 950 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। इससे सिरसा जिले व आसपास के अन्य क्षेत्रों की जनता को अत्याधुनिक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी।

 

 

बुधवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को लेकर करेंगी संवाद

 

30 नवंबर को अपने दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू प्रातः 6:30 बजे आशा वर्कर्स व अन्य हितधारकों से सीधा संवाद करेंगी और उनसे बेटी-बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के सफलता के बारे में जानेंगी। इसके अलावा, राष्ट्रपति हरियाणा के खिलाड़ियों कुछ स्कूली छात्राओं से भी संवाद करेंगी।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Gourav Chouhan