2 दिवसीय दौरे पर आज कुरुक्षेत्र पहुंचेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, प्रदेश को देंगी 3 परियोजनाओं की सौगात

11/29/2022 9:17:21 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। गीता महोत्सव में शामिल होने के साथ ही मुर्मू हरियाणा में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पहुंचेगी, जहां वे पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद्गीता पर पुष्प अर्पित कर गीता पूजन करेंगी और गीता यज्ञ में अपनी पूर्ण आहूति डालेंगी। इसके पश्चात श्रीमती द्रौपदी मुर्मू राज्य प्रदर्शनी, हरियाणा पैवेलियन, शिल्प उद्यान का भी उद्घाटन करेंगी। साथ ही, राष्ट्रपति इस बार के अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के भागीदार राज्य मध्य प्रदेश के पवेलियन का भी अवलोकन करेंगी।

 

कुरूक्षेत्र में गीता सेमिनार में शामिल होंगी मुर्मू

 

इसके बाद श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 11:30 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के श्रीमद्भगवद्गीता सदन में अन्तर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार में भाग लेंगी और यहीं से हरियाणा सरकार की 3 बड़ी परियोजनाओं का वर्चुअली शुभारंभ व शिलान्यास करेंगी। इनमें हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग व्यवस्था, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना तथा सिरसा जिले में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखा जाना शामिल है।इसी के साथ राष्ट्रपति हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ करेंगी। राष्ट्रपति श्रीमद्भगवद् गीता सदन से ही हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ करेंगी। प्रारंभिक चरण में 6 डिपो अर्थात् चंडीगढ़, करनाल, फरीदाबाद, सोनीपत, भिवानी और सिरसा में ई - टिकटिंग परियोजना को लागू किया जाएगा। इसी तरह हरियाणा रोडवेज के शेष 18 डिपो में जनवरी 2023 के अंत तक परियोजना को पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का राष्ट्रपति करेंगी उद्घाटन

 

श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का भी शुभारंभ करेंगी। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के लोगों का हेल्थ चेकअप किया जाएगा। योजना के प्रथम चरण में अंत्योदय परिवार के लोगों को शामिल किया गया है।

 

राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय सिरसा की रखेंगी आधारशिला

 

राष्ट्रपति सिरसा जिले में 21 एकड़ भूमि पर बनने वाले चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की भी आधारशिला रखेंगी। यह मेडिकल कॉलेज करीब 950 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। इससे सिरसा जिले व आसपास के अन्य क्षेत्रों की जनता को अत्याधुनिक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी।

 

बुधवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को लेकर करेंगी संवाद

 

30 नवंबर को अपने दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू प्रातः 6:30 बजे आशा वर्कर्स व अन्य हितधारकों से सीधा संवाद करेंगी और उनसे बेटी-बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के सफलता के बारे में जानेंगी। इसके अलावा, राष्ट्रपति हरियाणा के खिलाड़ियों कुछ स्कूली छात्राओं से भी संवाद करेंगी।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan