राष्ट्रपति चुनाव मतदान आज, हरियाणा के 90 विधायक व 15 सांसद करेंगे वोटिंग

7/17/2017 10:23:15 AM

चण्डीगढ (चंद्रशेखर धरनी):राष्ट्रपति चुनाव के लिए नियुक्त हरियाणा के सहायक रिटर्निंग अधिकारी  पंकज अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति चुनाव, 2017 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। भारत के चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान आज सुबह 10.00 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। वोट की गिनती 20 जुलाई को होगी और उसी दिन शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

जानिए हरियाणा के विधायकों की वैल्यू
हरियाणा के वर्तमान सियासी ढांचे के अनुसार प्रदेश में इस समय 90 विधायक, 10 लोकसभा सांसद और 5 राज्यसभा सदस्य हैं। प्रत्येक राज्य की आबादी के आधार पर वहां के विधायकों और सांसदों के वोट की वैल्यू निर्धारित होती है। देशभर में 1971 की जनसंख्या को ही इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में वोट की वैल्यू का आधार बनाया गया है, जिसके मुताबिक हरियाणा के एक विधायक के वोट की कीमत 112 और सांसद व राज्यसभा सदस्य के वोट की कीमत 708 है। इस बार राष्ट्रपति चुनाव में चुनाव आयोग इस कदर चौकसी बरत रहा है कि बैलेट बाक्स खुद ही टिकट लेकर हवाई यात्रा करेगा। यहां बता दें कि आज चुनाव है और 18 जुलाई हवाई जहाज के अंदर बिजनैस क्लास सीट बैलेट बाक्स के लिए रिजर्व होगी और विशेष सुरक्षा में यह बैलेट बाक्स लोकसभा पहुंचाया जाएगा।

चुनाव स्थल पर मीडिया कर्मी को कैमरा ले जाने अनुमति नहीं
भारत के चुनाव आयोग द्वारा चुनाव करवाने और चुनाव प्रक्रिया को देखने के लिए अनिल संत को निर्वाचन पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। भारत के चुनाव आयोग के प्रधान सचिव अनुज जयपुरीर, जो वरिष्ठ अधिकारी है। उनको मतदान प्रक्रिया देखने के लिए भी नियुक्त किया गया हैं। भारत के चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक, मतदाता, सरकारी कर्मचारी, जो डयूटी पर है और मीडिया कर्मियों को भी मोबाइल फोन को मतदान के स्थान पर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

हरियाणा, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के माध्यम से भारत के चुनाव आयोग ने 277 प्राधिकृत-पत्र मीडिया व्यक्तियों को जारी किए हैं। भारत के चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, प्राधिकृत मीडिया व्यक्तियों को ही मतदान के कम्पार्टमेंट की सख्त गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए एक निर्धारित स्थान से मतदान स्थान पर केवल तस्वीर लेने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर ने यह भी सूचित किया है कि चुनाव स्थल के अंदर किसी भी मीडिया कर्मी को वीडियो कैमरा के साथ अनुमति नहीं दी जाएगी।

कुल विधायक                                         90
एक विधायक की वोट वैल्यू                      112
विधायकों की कुल वोट वैल्यू                   10080
भाजपा विधायक की वोट वैल्यू                05264
इनैलो विधायकों की वोट वैल्यू                02128
कांग्रेस विधायकों की वोट वैल्यू               01904
5 निर्दलीय विधायकों की वोट वैल्यू         00560
01 अकाली विधायक की वोट वैल्यू         00112
01 बसपा विधायक की वोट वैल्यू            0112