पुजारी हत्याकांड के आरोपी गिरफ्तार, मंदिर से बाहर निकलवाने पर दी मौत, दोस्त के साथ मिलकर रचा था षड्यंत्र

4/5/2024 4:15:27 PM

कुरुक्षेत्र : हरियाणा में हत्याओं का सिलसिला बढ़ता जा रहा है जहां कुरुक्षेत्र पुलिस ने पुजारी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रोहतक निवासी अमन और दीपक कुमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

शिकायतकर्ता दान सिंह ने कहा था कि वह अपने परिवार के साथ कुरुक्षेत्र के दिगंबर जैन मंदिर में पिछले 4 वर्षों से रह रहा है। वह यहां चौकीदार का काम करता है। उन्होंने बताया कि 75 वर्षीय पंडित हुकम चंद जैन इसी मंदिर में पुजारी के रूप में काम करते थे। हम उनके साथ मंदिर में बनी धर्मशाला में रहते थे। दान सिंह ने बताया कि 2 अप्रैल की रात वह अपने परिवार के साथ अलग कमरे में सोया था। सुबह उठा और पुजारी हुकम चंद के कमरे में गया तो देखा कि हुकम चंद मृत पड़े हुए थे। 

रंजिश के चलते उतारा था मौत के घाट 

इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी दीपक पुजारी हुकम चंद से रंजिश रखता था। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले तक आरोपी दीपक का परिवार दिगंबर जैन मंदिर परिसर में रहता था। पुजारी हुकम चंद के कहने पर संगठन ने आरोपी दीपक और उसके परिवार को मंदिर परिसर से बाहर निकाल दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी मंदिर के पुजारी से रंजिश रखने लगा। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथी अमन के साथ मिलकर पुजारी की हत्या कर दी थी।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)
 

Content Writer

Manisha rana