प्रिंसिपल महिला टीचर के सामने करता था अश्लील बातें, शिकायत की तो नौकरी से निकाला

2/7/2020 4:25:16 PM

सोनीपत(पवन राठी): हिंदू शिक्षण संस्था के एक स्कूल की शिक्षिका ने प्राचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। शिक्षिका का आरोप है प्राचार्य उसे परेशान करता था। उसके सामने अश्लील बात करने लगता था। उसने बताया कि उसे कई माह से प्रताड़ित किया जा रहा था। शिक्षिका ने मामले की शिकायत संस्था के प्रधान व उप प्रधान से भी थी, लेकिन कोई कार्रवाई होने के बजाय उसे ही नौकरी से निकाल दिया गया। शिक्षिका के बयान पर महिला थाना पुलिस ने प्राचार्य के साथ ही प्रधान व उप प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

ऑफिस में बुलाकर गलत शब्दों का करता था प्रयोग 
शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि वह स्कूल में छात्रों को पढ़ाती थी। शिक्षका ने आरोप लगाया है कि अगस्त, 2019 में स्कूल के प्राचार्य ने उसका उत्पीडऩ करना शुरू किया था। उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाने लगा। उसने आरोप लगाया कि प्राचार्य फोन पर बातचीत के साथ ही ऑफिस में बुलाकर उसके सामने गलत शब्दों का प्रयोग करता था। 

शिकायत करने के बाद भी नहीं हुई काेई कार्रवाई
लगातार प्रताडऩा से तंग आकर उसने परिजनों को अवगत कराया था। जिस पर मामले से उन्होंने स्कूल की प्रबंधक समिति हिंदू संस्था के प्रधान को भी लिखित शिकायत दी थी। उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। उसने बताया कि एक अन्य शिक्षिका के साथ उसने प्रधान से मुलाकात भी की, बावजूद इसके प्राचार्य पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। 

उन्होंने इसकी शिकायत 30 जनवरी को उप प्रधान से भी की थी। साथ ही प्राचार्य व प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही थी। उसके बाद 31 जनवरी को उसे व उसकी साथी शिक्षिका को ही स्कूल से निकाल दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में प्रधान व उपप्रधान की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। जिस पर महिला थाना पुलिस ने प्राचार्य, प्रधान व उप प्रधान के खिलाफ भादसं की धारा 354ए, 120बी व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

इस मामले की जांच कर रहे डीएसपी रविन्द्र ने बताया कि स्कूल प्राचार्य के खिलाफ शिकायत दी थी। उन्होंने प्राचार्य पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की पूरी निष्पक्षता के साथ जांच की जाएगी। जल्द मामले में ठोस कार्रवाई करेंगे।

Edited By

vinod kumar