पैरोल पर आए कैदी ने खुद को मारी गोली, मौत

6/6/2018 9:14:48 AM

गोहाना(अरोड़ा): पैरोल पर आए कैदी गांव कासंडी निवासी नरेंद्र ने लाइसेंसी बंदूक से घर पर गोली मार कर आत्महत्या कर ली। नरेंद्र सोमवार को पैरोल पर आया था और रात को उसने आत्महत्या की। वह बीमार भी चल रहा था। सदर थाना पुलिस ने मंगलवार को गांव खानपुर कलां स्थित बी.पी.एस. राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। नरेंद्र (51) को हत्या के प्रयास की 2 घटनाओं में सजा मिली थी। 

गांव में पड़ोसी पर जानलेवा हमला करने पर उसे सात-सात की सजा मिली। पैरोल के दौरान वकील पर भी जानलेवा हमला करने पर उसे अतिरिक्त 7 साल की सजा मिली। सजा पूरी होने में करीब 10 माह बचे थे। वह इन दिनों पेट की बीमारी से परेशान था। उसे सोमवार को 21 दिन की पैरोल मिली। नरेंद्र पैरोल मिलने पर घर पहुंचा। रात को खाना खाने के बाद कमरे में जाकर सो गया। रात करीब 2 बजे उसने लाइसेंसी बंदूक से छाती में गोली मार ली। 

गोली चलने की आवाज सुनने पर परिजन कमरे में गए तो नरेंद्र लहूलुहान पड़ा था। परिजन उसे उठा कर गांव खानपुर कलां स्थित महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे जयंत ने बताया कि उसका पिता पेट दर्द के साथ मानसिक रूप से भी परेशान था।

Rakhi Yadav