अस्पताल में उपचाराधीन बंदी चकमा देकर भागा, 7 घंटे बाद पकड़ा गया

7/1/2022 11:13:32 AM

सोनीपत(सन्नी मलिक): नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन बंदी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी की कारबाइन व 33 राऊंड से भरी मैगजीन लेकर चकमा देकर भाग गया। आरोपी को मोबाइल टावर से केबल चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सैक्टर-27 थाना पुलिस ने गारद प्रभारी के बयान पर मुकद्दमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए 7 घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

जिला कारागार में चोरी के आरोप में बंद नशे के आदी आर.के. कॉलोनी मुरथल निवासी अंकित उर्फ हैप्पी को अचानक तबीयत बिगडऩे पर 27 जून को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे मुरथल थाना पुलिस ने टावर से केबल चोरी करने के आरोप में पकड़ा था। उससे केबल बरामद करने के बाद 24 जून को ही उसे जेल में भेजा गया था। तबीयत बिगडऩे के बाद उसे नागरिक अस्पताल की दूसरी मंजिल पर स्थित मैडीकल वार्ड में रखा गया था। वहां पर मुख्य सिपाही बलराम और सिपाही सतीश व संदीप को सुरक्षा गारद में लगाया गया था।

अंकित को हथकड़ी के साथ मैडीकल बैड से बांध दिया गया था। वीरवार दोपहर को सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने देखा कि अंकित बैड पर नहीं था। वह हथकड़ी खोलकर फरार हो गया था। वह सुरक्षाकर्मियों की कारबाइन और मैगजीन भी ले गया था। पुलिसकर्मियों ने पहले उसको अस्पताल परिसर में तलाश किया। जानकारी नहीं लगने पर सैक्टर-27 थाना और पुलिस लाइन के गारद सैल को सूचना दी गई।
 
सी.सी.टी.वी. फुटेज से मिली मदद 
बंदी के कारबाइन के फरार होने की सूचना से पुलिस में हड़कम्प मच गया। डी.एस.पी. वीरेंद्र सिंह, सी.आई.ए. की टीम और सैक्टर-27 थाना प्रभारी रविंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सी.सी.टी.वी. चैक करने पर पाया कि वह सीढिय़ों के रास्ते से नहीं जाकर खिड़की से कूदकर भाग गया। पुलिस ने अस्पताल के आस-पास के रास्तों पर लगे सी.सी.टी.वी. देखकर पाया कि वह मुरथल की ओर भागा है। पुलिस ने उसकी तलाश करते हुए देर शाम उसे आर.के. कॉलोनी मुरथल से गिरफ्तार कर लिया है। उससे हथियार बरामद कर लिया गया है।

नागरिक अस्पताल से बंदी भाग गया था। उसके खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उससे पुलिसकर्मी की कारबाइन बरामद कर ली गई है। मामले में 3 पुलिसकर्मियों की जांच डी.एस.पी. को सौंपी गई है। वह ड्यूटी में उनकी लापरवाही की रिपोर्ट देंगे जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हिमांशु गर्ग, एस.पी. सोनीपत

Content Writer

Isha