रोडवेज के बेड़े में निजी बसें आने पर कम होगा किराया: कै.अभिमन्यु

10/21/2018 10:00:51 AM

जींद(मलिक): वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की मानें तो किलोमीटर स्कीम के तहत रोडवेज के बेड़े में निजी बसें शामिल होने के बाद बस किराए कम होंगे। दिन और रात दोनों शिफ्टों में लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। प्रदेश सरकार ने जनहित में यह बड़ा फैसला लिया है। 

वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु रविवार को सी.एम. मनोहर लाल रैली की तैयारियों का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग को कैसे चलाना है। इसके लिए क्या कदम उठाना है। यह फैसला सरकार को करना है। सरकार ने जनहित में ही यह तय किया है कि रोडवेज के बेड़े में किलोमीटर स्कीम के तहत निजी बसें शामिल होंगी। फैसले से पीछे हटने का सवाल ही पैदा नहीं होता। रोडवेज कर्मचारियों को जनता को हो रही परेशानी और जनहित को देखते हुए इसमें सरकार के साथ सहयोग करना चाहिए। जींद उप चुनाव को लेकर एक सवाल के जवाब में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि भाजपा उप चुनाव से कतई नहीं भाग रही। 4 साल में मनोहर लाल सरकार ने पंचकूला से लेकर पलवल तक समान रूप से विकास के काम करवाए हैं। 
 

मनोहर लाल से पहले की सरकारों ने जींद की विकास में उपेक्षा ही की। जींद की धरती पर यह लोग वोट के लुटेरे बनकर आए और वोट लूटने के बाद जींद को भूल गए। मनोहर सरकार ने विकास कार्यों के लिए जींद में जितना पैसा खर्च किया, उतना आज तक किसी और सरकार ने नहीं किया था। विकास के दम पर भाजपा जींद उप-चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मनोहर लाल सरकार ने बिजली दरों में 46.6 प्रतिशत की कमी की है। पहले कोई सरकार इतना बड़ा कदम नहीं उठा पाई। उनके साथ इस मौके पर भाजपा के प्रदेश सचिव जवाहर सैनी, हरियाणा हाऊसिंग फैडरेशन के चेयरमैन डा. ओ.पी. पहल, भाजपा के जिला अध्यक्ष अमरपाल राणा, मास्टर गोगल, मनीष गोयल उर्फ बब्लू आदि भी साथ थे। 
 

Deepak Paul