चंडीगढ़ में प्रियंका गांधी का पैदल मार्च, ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के तहत लोगों से करेंगी संवाद

1/22/2023 9:51:27 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) : 26 जनवरी से हरियाणा में ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ मुहिम की शुरूआत की जाएगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के अगले कदम के रूप में प्रदेश कांग्रेस द्वारा गणतंत्र दिवस पर इसकी तैयारी की जा रही है। हाथ से हाथ जोड़ो मुहिम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी सक्रिय रूप से नज़र आएगी। पार्टी ने तय किया है कि सभी राज्यों की राजधानी में महिला मार्च निकाला जाएगा। इनका नेतृत्व प्रियंका गांधी करेंगी। माना जा रहा है कि चंडीगढ़ में तीनों राज्यों – पंजाब, हरियाणा व केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ का महिला मार्च कार्यक्रम एक ही दिन किया जा सकता है। यूटी चंडीगढ़ दोनों राज्यों – हरियाणा व पंजाब क संयुक्त राजधानी है। ऐसे में तीनों राज्यों की कांग्रेस मिलकर महिला मार्च की रणनीति तय कर सकती है।

 

हरियाणा में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के लिए 25 को बैठक

 

हाथ से हाथ जोड़ो मुहिम प्रदेश के सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों और सभी 90 विधानसभा हलकों, सभी जिलों, उपमंडल, कस्बों एवं गांवों तक में देखने को मिलेगी। इसकी व्यापक रणनीति तय करने के लिए पार्टी क जनरल बॉडी की अहम बैठक 25 जनवरी को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में होगी। बैठक में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के केंद्रीय पर्यवेक्षक और दिल्ली कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष चोपड़ा भी मौजूद रहेंगे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष चौ. उदयभान, पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित अधिकांश दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

 

हरियाणा में गांव-गांव व शहर-शहर तक चलाया जाएगा जनसंपर्क अभियान

 

इस बैठक के लिए सभी डेलीगेट्स, मौजूदा व पूर्व सांसद-विधायक, 2019 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे नेता, जिला प्रभारी, सभी विभागों के संयोजक, अग्रणी संगठनों – महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, सेवादल व एनएसयूआई के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया है। हरियाणा कांग्रेस इस मुहिम के जरिये प्रदेशभर में जनसंपर्क चलाने की कोशिश में है, ताकि गांव-गांव व शहर-शहर वार्ड स्तर तक पर लोगों  साथ संपर्क साधा जा सके। इस मुहिम के दौरान सभी लोगों तक राहुल गांधी का मैसेज पहुंचाया जाएगा।

 

हरियाणा में 26 जनवरी से शुरू होगा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

 

यह एक तरह से जनसंवाद कार्यक्रम होगा। 26 जनवरी से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत ब्लाक स्तर पर पदयात्राओं का भी आयोजन होगा। पदयात्रा के लिए ब्लॉक स्तर पर एक या दो वरिष्ठ नेताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा भेजी गई हिदायतों के तहत इस अभियान के तहत कांग्रेस ग्राम पंचायतों व गांवों के मतदान केंद्रों तक को कवर करेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों के साथ संवाद साधा जा सके।

 

दो महीने तक डोर-टू-डोर जाकर संवाद करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

 

पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए टॉस्क के तहत प्रदेश कांग्रेस को हाथ से हाथ जोड़ो मुहिम दो माह में पूरा करना होगा। इस अवधि में पदयात्रा हर गांव और मतदान केंद्र तक पहुंचेगी। गांव-गांव में कांग्रेस का झंडा फहराकर गांव-गांव यात्रा की शुरूआत होगी। हर गांव में एक बैठक होगी। डोर-टू-डोर कांग्रेसी ऐसे ही जनसंपर्क करेंगे, जैसे कि चुनावों के दौरान किया जाता है। लोगों को राहुल गांधी का संदेश देने के साथ-साथ मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट लोगों में बांटी जाएगी। हर गांव का व्हट्सएप ग्रुप बनाने को कहा है ताकि हाथ से हाथ जोड़ो मुहिम के तहत अधिक से अधिक लोगों को कनेक्ट किया जा सके।

 

पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन हर जिला मुख्यालय पर करने को कहा है। इन सम्मेलन में प्रदेशाध्यक्ष व विधायक दल के नेता के अलावा वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे और वर्करों को सम्बोधित करेंगे। युवाओं को केंद्रित करते हुए प्रदेश स्तर पर भारत जोड़ो मेला आयोजित होगा। इसमें युवाओं की भागीदारी सबसे अधिक होगी।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

Content Writer

Gourav Chouhan