प्रस्तावित रेगुलराइजेशन एक्ट कर्मचारी विरोधी : सुर्जेवाला

8/2/2018 11:58:48 AM

चंडीगढ़(बंसल): कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुर्जेवाला ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित हरियाणा रैगुलराइजेशन एक्ट के प्रस्ताव को कर्मचारी विरोधी बताते हुए इसमें प्रदेश सरकार के सभी विभागों, विश्वविद्यालयों और बोर्ड, कार्पोरेशन में कार्यरत कर्मचारियों को शामिल करने की मांग की है। सुर्जेवाला ने कहा कि रैगुलराइजेशन एक्ट का प्रस्तावित मसौदा भ्रामक और कोरा ढोंग है, जिससे केवल कुछ चुनिंदा कर्मचारियों को ही लाभ मिलेगा और हजारों कर्मचारी नियमित होने से वंचित रह जाएंगे। 
 

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बिल में कर्मचारियों को विभिन्न शर्तें लगाकर रैगुलर नहीं किया जा रहा है। हरियाणा रैगुलराइजेशन एक्ट के प्रस्ताव को प्रदेश के कर्मचारियों के साथ गहरा धोखा बताते हुए सुर्जेवाला ने कहा कि इस प्रस्ताव से एक बार फिर साबित हो गया है कि प्रदेश कि खट्टर सरकार को प्रभावित कच्चे कर्मचारियों से कोई सरोकार नहीं है तथा सरकार ने जानबूझकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के समक्ष कर्मचारियों का केस कमजोर किया था, जिसके चलते हजारों कर्मचारियों का भविष्य धूमिल हो गया। 
 

सुर्जेवाला ने सरकार से मांग की है कि सरकार मानसून सत्र के पहले ही दिन विधानसभा में सभी कर्मचारियों को नियमित करने का संशोधित बिल लेकर आए। यदि सरकार सभी विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने का कानून सम्मत कानून का प्रस्ताव लाती है तो कांग्रेस पार्टी उसे पूर्ण रूप से अपना समर्थन देगी।

Deepak Paul