हरियाणा: थाली और ताली बजाकर पीएम के 'मन की बात' कार्यक्रम का विरोध, तस्वीरों में जाने पूरा हाल

12/27/2020 4:05:03 PM

हरियाणा (ब्यूरो): केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर उतरे हुए किसानों को एक माह हो गया है, वह अपनी मागों को मनाने के लेकर अड़े हुए हैं। रविवार को किसानों संगठनों ने थाली और ताली बजाकर पीएम मोदी की मन की बात का विरोध किया। मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण समय पर किसान संगठनों ने जिले में अलग अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर अपना रोष जाहिर किया। किसानों ने कहा कि पीएम मन की बात करते हैं, लेकिन जन की बात नहीं सुनते।



तीनों कृषि कानूनों को लेकर किसानों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। फतेहाबाद के रतिया में रिलांयस पंप और कुलां चौक पर प्रदर्शनकारियों ने थाली, ताली और बर्तन बजाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों नेताओं ने कहा कि पीएम मोदी अपने मन की बात तो करते हैं, लेकिन देश की जनता की मन की बात नहीं सुनते।



आज उन्हें और उनकी सरकार को जगाने के लिए ताली और थाली बजाई गई। ताकि चिरनिद्रा में सोई सरकार जागे और पिछले 1 महीने से कड़कड़ाती ठंड में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे किसानों की मन की बात भी सुनें। 



रादौर के गांव कुंजल में भाकियू से जुड़े किसानों व महिलाओं ने थाली बजाकर व सरकार विरोधी जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक इन कानूनों को वापस नहीं लिया जाता तब तक पूरे देश में टोल फ्री रहेगा। सुभाष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे झूठे प्रधानमंत्री साबित हुए है।



सिरसा के भावदीन टोल प्लाजा के साथ साथ किसानों ने शहर में भी रोष प्रदर्शन किया। किसान वाहनों के काफिले के साथ ताली और बाटी बजाते हुए अनाज मंडी में भी पहुंचे। अनाज मंडी के पास ही राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में ही वार्ड- 29 के उपचुनाव में मतदान प्रक्रिया चल रही थी। किसानों के संभावित विरोध को देखते पुलिस अलर्ट पर रही। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। प्रदर्शनकारी किसानों ने ताली और बाटी बजाकर प्रधानमंत्री की मन की बात का विरोध किया।



गोहाना के गांव कथूरा में किसानों ने इकट्ठा होकर थाली बजाकर मोदी की मन की बात कार्यक्रम का विरोध किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने कहा देश के प्रधानमंत्री ने प्रदेश की जनता को थाली बचाने के नाम पर गुमराह करने का काम किया है। यह तीन किसी कानून लाकर किसानों को बर्बाद करने का काम किया। जिसका किसान लगातार विरोध करते आ रहे हैं। किसानों की मांग है सरकारी कानूनों को तुरंत प्रभाव से रद्द करें। 



करनाल के नेशनल हाईवे बसताड़ा टोल प्लाजा पर धरने पर बैठे किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात का विरोध थाली बजाकर किया, उनके साथ छोटे बच्चों ने भी कृषि कानून के विरोध में थाली बजाई। किसानों ने कहा कि अब प्रधानमंत्री मोदी अब मन की बात छोड़कर ढंग की बात करें और अगर मन की बात करनी है तो किसानों के मन की बात करें। 

vinod kumar