युवा कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन: 17 को सांसद दीपेंद्र हुड्डा और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में होगा Protest
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 03:45 PM (IST)
पंचकूला: हरियाणा युवा कांग्रेस ने 17 फरवरी को हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ऑफिस के सामने बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन नेतृत्व रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब करेंगे व अंबाला के सांसद वरुण मुलाना समेत प्रदेश के कई विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुख्य रूप में शामिल होंगे। प्रदर्शन के बारे में जानकारी देते हुए हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि बीजेपी सरकार की युवा विरोधी रोजगार नीतियों ने हरियाणा के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि ग्रुप ए और ग्रुप बी नौकरियों में बाहरियों का सेलेक्शन किया जा रहा है। 35 प्रतिशत मिनिमम मार्क्स क्राइटेरिया लगाकर बड़ी संख्या में सीटें खाली छोड़ी जा रही हैं और रिजर्वेशन व्यवस्था पर प्रहार किया जा रहा है। कटारिया ने कहा कि एचपीएससी और एचएसएससी की भर्ती प्रक्रियाएं सालों तक कोर्ट में फंसी रहती हैं, जिससे युवाओं को नौकरी नहीं मिल पाती। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बीजेपी ने सीईटी क्वालिफाइड उम्मीदवारों को हर महीने 9000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन आज तक युवाओं को एक पैसा नहीं मिला।

युवा कांग्रेस प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ इस तरह से खिलवाड़ नहीं होने देगी और भाजपा सरकार व हरियाणा लोक सेवा आयोग की नीतियों के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन 17 फरवरी को एचपीएससी कार्यालय के सामने किया जाएगा। कटारिया ने कहा कि युवा कांग्रेस की मुख्य मांगों में 35 प्रतिशत मिनिमम मार्क्स क्राइटेरिया खत्म करना, एचपीएससी एग्जाम्स में हरियाणा जीके की वेटेज कम से कम 20 प्रतिशत करना, हर साल भर्ती कैलेंडर जारी करना, सीईटी क्वालिफाइड युवाओं को 9000 रुपये देना, भर्ती विवादों के लिए स्पेशलाइज्ड लीगल सेल बनाना और खाली पदों को री-एडवर्टाइज्ड कर भरना शामिल है।
कटारिया ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने युवाओं की मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन पूरे हरियाणा में तेज किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि 17 फरवरी को पंचकूला पहुंचकर बीजेपी सरकार की रोजगार विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हों। इस प्रेस वार्ता में मुख्य तौर पर मौजूद रहे रविंदर रावल पूर्व मेयर, संजय चौहान जिला अध्यक्ष, मेहबूब प्रदेश उपाध्यक्ष सुभम नाहर युवा जिला अध्यक्ष, उधम सिंह युवा जिला अध्यक्ष, नितेश रावल जिला अध्यक्ष, जगदीप शर्मा विधानसभा अध्यक्ष, निखिल शर्मा विधानसभा अध्यक्ष, विनोद कुमार, डिप्टी होली, कँवर वीर, पर्मवीर जैन, शुभम वर्मा।