अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने के लिए पहली बार बजट में 540 करोड़ रुपए का प्रावधान:संदीप सिंह

3/8/2022 7:21:58 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने के लिए प्रदेश के इतिहास में पहली बार 540 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है। इस बजट से प्रदेश में खेलों के इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण आंचल में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस ऐतिहासिक बजट को प्रस्तुत करने पर मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री मनोहर लाल के प्रदेश के खिलाड़ी सदैव आभारी रहेंगे।

हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत करके खिलाडिय़ों का दिल जीतने का काम किया है। इस सरकार ने पहले से ही खिलाडिय़ों को हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाने का काम किया है और ओलम्पिक जीतने पर करोड़ों रुपए की इनाम राशि जितने के साथ-साथ सरकारी नौकरियों में विशेष कोटा भी तय किया है। इस सरकार ने पहली बार ओलम्पिक की तैयारी के लिए खिलाडिय़ों को लाखों रुपए की राशि पहले से ही जारी कर दी थी, जिसके परिणाम स्वरुप खिलाडिय़ों ने खूब अभ्यास किया और ओलंपिक में देश के एक-तिहाई पदक हरियाणा के खिलाडिय़ों ने जीतकर एक नया इतिहास रचने का काम किया।

खेलमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेल संस्थान की तर्ज पर पंचकूला में हरियाणा राज्य खेल संस्थान की स्थापना की जाएगी। इस संस्थान में खिलाडिय़ों को उच्चस्तरीय सुविधाएं, प्रशिक्षण और खाने-पीने व रहने की तमाम व्यवस्थाए उपलब्ध करवाई जाएंगी। इतना ही नहीं प्रदेश में 1100 नई खेल नर्सरियां खोलने का लक्ष्य रखा है। इन खेल नर्सरियों के जरिए ग्रामीण आंचल की प्रतिभाओं को निखारा जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल अकादमी योजना में 10 डे-बॉर्डिंग्स और 8 आवासीय अकादमियां खोलने का लक्ष्य है, रोजगार में मदद के लिए 1 हजार युवाओं को साहसिक खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण, हरियाणा को मिली चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी मिली है
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

Vivek Rai