सिम अपग्रेडेशन के नाम पर लोगों के बैंक खातों में सेंध लगाने वाले आठ आरोपी गिरफ्तार

9/26/2020 6:32:38 PM

फरीदाबाद, 26 सितम्बर (भाषा) सिम अपग्रेडेशन करने के नाम पर लोगों के बैंक खातों में सेंध लगाने के आठ आरोपियों को फरीदाबाद की साइबर थाना पुलिस ने कर्नाटक और झारखंड के जामताड़ा से गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जामताड़ा स्थानीय अदालत में पेश कर उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजाहुसैन सोताकनाल निवासी कर्नाटक, विष्णु मंडल निवासी देवघर (झारखंड), प्रदीप दास, नरेश दास, विक्की कुमार दास, राकेश दास संतोष मंडल, सुशील महतो निवासी जामताडा (झारखंड) के रूप में हुई है।

जिला पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस गिरफ्तारी में निरीक्षक बसंत व उनकी टीम के उप निरीक्षक राजेश और योगेश, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र बाबूराम और सतवीर हवलदार दिनेश नरेंद्र देवेंद्र व वीरपाल, कृष्ण, कर्मवीर ,बिजेंदर और अंशुल की अहम भूमिका रही है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को फरीदाबाद की अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत में लिया जाएगा और उनसे पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि विगत दिनों साइबर थाना टीम ने पूर्व में पांच आरोपियों को जामताड़ा से गिरफ्तार किया था। आरोपियो से की गई पूछताछ में पाया था कि इनके कुछ और साथी लोगों के साथ ठगी करने में संलिप्त हैं। पूर्व में गिरफ्तार तीन आरोपियों सौरभ, भारत और नरेंद्र को पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने पर जेल भेज दिया गया। वहीं अन्य दो अजय व शत्रुघ्न को साइबर पुलिस की टीम कर्नाटक और जामताड़ा लेकर गई थी, उनकी निशानदेही पर कर्नाटक,जामताड़ा और देवघर से इन आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता के मुताबिक आठ आरोपियों को लेकर पुलिस टीम शनिवार फरीदाबाद पहुंच रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी से फरीदाबाद के तीन थानों में दर्ज ऑनलाइन ठगी के चार मामलों को सुलझाया गया है।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

Edited By

PTI News Agency