दिल्ली-हरियाणा की सीमा पर किसानों का गतिरोध बरकरार

11/28/2020 6:50:41 PM

सोनीपत, 28 नवम्बर (भाषा) दिल्ली-हरियाणा की सीमा पर किसानों का गतिरोध शनिवार को भी जारी रहा और किसान लगातार धरनास्थल पर पहुंच रहे हैं।

बॉर्डर के एक तरफ दिल्ली पुलिस और सुरक्षाबल तैनात है तो दूसरी तरफ प्रदर्शनकारी डटे हुए हैं। बीच-बीच में प्रदर्शनकारी उग्र भी हो रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं।
कई बार प्रदर्शनकारियों ने टायरों में आग लगाकर भी अपना विरोध जताया।
शनिवार शाम तक भी किसानों ने यहीं पर अपना डेरा डाला हुआ है। यहां पर लंगर चल रहे हैं और खाना बनाया जा रहा है।
कुंडली बॉर्डर पर जमे हजारों किसानों ने बुराड़ी ग्राउंड में जाने से मना कर दिया है। किसानों का कहना है कि वे बुराड़ी ग्राउंड में जाकर नहीं रुकेंगे। यहां सिंघु बॉर्डर से पीछे हरियाणा की तरफ करीब सात-आठ किलोमीटर लंबी कतार ट्रैक्टर ट्रॉलियों की लगी हुई है।

इस बीच, दिल्ली-हरियाणा की सीमा पर किसानों का गतिरोध रविवार को भी जारी रहने की संभावना है। किसान नेताओं में शनिवार को भी एक राय नहीं बन पायी।
धरनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह 11 बजे फिर से किसानों की कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसमे आगे आंदोलन की रूपरेखा का फैसला लिया जायेगा। आज भी किसान जत्थेबंदियां किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाईं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

Edited By

PTI News Agency