खेत में आराम कर रही महिला की कल्टीवेटर से कुचलने से मौत

6/17/2021 10:39:37 PM

सोनीपत, 17 जून (भाषा) गांव माहरा में खेत के कच्चे रास्ते में आराम कर रही एक महिला की वहां से गुजरने वाले ट्रैक्टर के कल्टीवेटर में उलझने से मौत हो गयी।
थाना बरोदा के प्रभारी बदन सिंह ने बताया कि कल्टीवेटर ने महिला को कुछ दूरी तक घसीटा जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। महिला के भतीजे रिंकू ने ट्रैक्टर चालक कुलदीप पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने कुलदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार माहरा निवासी रोशनलाल व उसकी पत्नी सुनीता (45) अपने खेत में काम करने गए थे। सुनीता काम करने के बाद आराम करने के लिए खेतों के कच्चे रास्ते पर एक पेड़ के नीचे जाकर बैठ गई। आरोप है कि कुछ देर बाद गांव रभड़ा निवासी कुलदीप अपना ट्रैक्टर लेकर वहां से गुजरा, जिसमें कल्टीवेटर जुड़ा हुआ था। वह तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चला रहा था, जिस कारण कच्चे रास्ते पर बैठी सुनीता उसके कल्टीवेटर में उलझ गई।
शिकायत के अनुसार कल्टीवेटर से करीब आधे किलोमीटर तक घिसटने के बाद सुनीता की मृत्यु हो गयी। जब कुलदीप को इस बारे में पता चला तो वह ट्रैक्टर को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency