अंबाला केंद्रीय कारागार में हत्या के आरोपी ने फंदा लगाकर आत्महत्या की

9/26/2022 12:35:55 PM

अंबाला, 26 सितंबर (भाषा) अंबाला में केंद्रीय कारागार में 40 वर्षीय कैदी ने अपने बैरक में फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। वह 2019 के एक हत्या मामले में आरोपी था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के गोंडा के एक गांव में रहने वाले सर्वेश सेवक ने रविवार को जेल के अपने बैरक में रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी।

पुलिस के अनुसार सेवक 2019 में काम की तलाश में अंबाला आया था। उसने मोटर मार्केट इलाके में एक घर किराए पर लिया था, जहां प्रवासी मजदूर निक्कू पहले से रहता था। उस साल अप्रैल में सेवक और निक्कू का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था और मकान मालिक ने वह मामला सुलझवा दिया था।

पुलिस ने कहा कि बाद में छह अप्रैल, 2019 को सेवक ने कथित रूप से निक्कू के सोते समय रस्सी से उसका गला घोंट दिया था, जिसके बाद निक्कू की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि निक्कू का शव बिस्तर के नीचे पड़ा मिला था और सेवक घटना के बाद से फरार था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency