मनोरंजन की दुनिया मेरा शौक लेकिन जनता की सेवा यानि राजनीति मेरी प्राथमिकता : सोनाली फोगाट

8/13/2021 4:27:02 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): मनोरंजन की दुनिया से राजनीति में कदम रखने वाली सोनाली फोगाट प्रदेश की भाजपा महिला इकाई की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। फोगाट टिक टॉक स्टार, एंकर, मॉडल और अभिनेत्री जैसे किरदार भी बखूबी निभा चुकी हैं और बता दें कि वह प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र कुलदीप बिश्नोई को भी आदमपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ कर कड़ी चुनौती दे चुकी हैं।

आज पंजाब केसरी ने चंडीगढ़ पहुंची सोनाली फोगाट से उनकी अभिनेत्री और नेत्री की भूमिकाओं पर चर्चा की। चर्चा के दौरान उन्होंने कुलदीप बिश्नोई पर भी कई टिप्पणियां की। उन्होंने कहा कि वह चंडीगढ़ अपनी विधानसभा की कई समस्याओं के समाधान के लिए पहुंची हैं। क्योंकि आदमपुर के विधायक कुलदीप बिश्नोई भले ही विधायक हों, लेकिन वह अपनी जिम्मेदारी को इमानदारी से नहीं निभा रहे। विधायक होने का क्या फर्ज होता है, उन्हें नहीं पता। इसलिए उनके द्वारा  किए जाने वाले काम लोग मुझे बताते हैं। आज कुलदीप बिश्नोई तरह तरह की बयानबाजिया तो करते हैं, लेकिन यह टिप्पणियां केवल और केवल सुर्ख़ियों में रहने के लिए दी जाती हैं।


इसी कारण से उन्हें विधानसभा की कमेटियों से रुखसत किया गया है।क्योंकि वह कमेटियों में अपनी हाजिरी तक नहीं लगाते थे। जिस कारण उन्हें विधानसभा अध्यक्ष द्वारा कमेटी से निकाला गया। यही हाल विधानसभा का है, जहां लोगों ने चुनाव के बाद उनकी शक्ल तक नहीं देखी। अगर वह बयानों की जगह लोगों के कामों में दिलचस्पी दिखाएं तो सुर्खियां अपने आप ही बटोरी जाएंगी। फोगाट ने कहा कि वह महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष बेशक हैं। लेकिन उसके बावजूद वह गांव- गांव तक लोगों के दुख दर्द में शामिल होती रहती हैं। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री तक से चर्चा करती रहती हैं।


फिलहाल संगठन में नए सदस्यों को जोड़ना और प्रदेश में एक मजबूत संगठन तैयार करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सोनाली फोगाट ने कहा कि वह कुछ समय पहले तक केवल एक अभिनेत्री थी। बिग बॉस में भी एक बेहतर किरदार निभाया। फौगाट ने कहा कि मैंने अदाकारी और राजनीति दोनों में साथ साथ की हैं। लेकिन प्राथमिकता हमेशा जनता की सेवा रही है और राजनीति से अच्छा माध्यम सेवा का हो नहीं सकता। आज नेतृत्व द्वारा संगठन ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी जो सौंपी है, इसे भी ईमानदारी से निभा रही हूं। इसके साथ-साथ लोगों के सुख दुख में शामिल होने का किरदार भी निभा रही हूं।


फोगाट ने बताया कि आदमपुर मंडी में बारिश के दिनों में पानी भर जाने की समस्या से किसान काफी परेशान थे। यह एक बड़ी समस्या थी। क्योंकि भजनलाल के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान सीवरेज सिस्टम शुरू हुआ। लेकिन वहां उनकी कभी रिपेयर नहीं की गई। जिस कारण से मंडी में पानी भरता था।वहां के लिए कई कारणों से फंड तक पास नहीं हो पा रहा था और इस प्रोजेक्ट में करोड़ों रुपए का खर्च था। इसके लिए पहले आदमपुर को नगर पालिका बनाया जाना जरूरी था। भाजपा कार्यकर्ताओं की मदद से यह मामला मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संज्ञान में लाया गया और मुख्यमंत्री ने इसे नगर पालिका बनाकर एक बड़ा एहसान मुझ पर किया है। अब कुछ ही समय में आदमपुर का चहुमुखी विकास होना तय है। लोगों का दुख हमारा दुख है और परेशानी हमारी परेशानी है। हर परेशानी में हर परिस्थितियों में जनता के साथ खड़ी हूं और लोगों की समस्याओं को लेकर ही कल मुख्यमंत्री निवास पर होकर आई हूं।

 

Content Writer

Isha