पंजाब केसरी के पत्रकार अमनदीप पिलानिया ने 28वीं बार किया रक्तदान, समाज को दिया प्रेरणादायक संदेश

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 08:17 AM (IST)

डेस्क : पंजाब केसरी के युवा पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक अमनदीप पिलानिया ने बुधवार को 28वीं बार रक्तदान कर एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। ब्लड ग्रुप O+ होने के कारण वे नियमित रूप से रक्तदान करते आ रहे हैं और अब तक की इस यात्रा में उन्होंने कई बार जरूरतमंदों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 

अमनदीप ने अपने रक्तदान के बाद सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा, “आज 28वीं बार रक्तदान करके जीवन बचाने की अपनी छोटी सी कोशिश जारी रखी। यह सिर्फ़ एक दान नहीं, बल्कि किसी के लिए एक नई उम्मीद है। आप भी आगे आएं!”यह उनका लगातार का प्रयास है, जो समाज में रक्तदान की भावना को बढ़ावा दे रहा है। इससे पहले उन्होंने 27वीं बार दिसंबर 2025 में, 26वीं बार सितंबर 2025 में (लाला जगत नारायण की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर में) और 25वीं बार जून 2025 में रक्तदान किया था। अमनदीप का लक्ष्य भविष्य में 100 बार रक्तदान करना है, जो एक प्रेरणादायक संकल्प है।

पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय अमनदीप पिलानिया का यह कदम युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन रहा है। रक्तदान एक ऐसा कार्य है जो बिना किसी खर्च के किसी की जान बचा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार एक बार रक्तदान से तीन लोगों तक की जान बचाई जा सकती है। अमनदीप जैसे लोग समाज में जागरूकता फैलाने का काम कर रहे हैं। उनकी इस मुहिम से प्रेरित होकर अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएं, यही अपेक्षा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static