जो पंजाब में प्रचार के लिए जाएगा वह प्रदेश का गद्दार: अभय चौटाला

1/20/2017 9:53:04 AM

पानीपत (अनिल कुमार): इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी का कोई भी नेता यदि पंजाब चुनाव में प्रचार के लिए जाएगा तो वह प्रदेश की जनता का गद्दार होगा। इनैलो ने अकाली दल से उसी दिन अपने राजनीतिक रिश्ते तोड़ लिए थे जिस दिन उन्होंने हरियाणा का पानी देने से इंकार कर दिया था। मुख्यमंत्री प्रदेश के हित के लिए प्रधानमंत्री से मिलने तक का समय नहीं ले सकता, उसे कमजोर मुख्यमंत्री नहीं तो क्या कहें। अभय चौटाला सोनीपत में कार्यकत्र्ताओं की जनसभा कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पदम सिंह दहिया ने की। इस दौरान इनैलो कार्यकत्र्ताओं ने अभय चौटाला को कस्सी भी भेंट की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीति सदा दोहरी रही है। पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्पष्ट बोल रहे हैं कि एस.वाई.एल. का पानी केवल पंजाब का है और उसे हरियाणा में नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे में प्रदेश के कांग्रेसी नेता अलग अलग ब्यान दे रहे हैं और जनता को बरगलाने का काम किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने इस मुद्दे पर कितनी बार गंभीर वार्ता की है, कितनी बार प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति से मुलाकात की है या अन्य प्रकार का कदम उठाया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पार्टी से त्याग पत्र दे।