पुलिस चौकी पर हमला कर आरोपी को छुड़वा ले गए हथियारबंद बदमाश(video)

4/17/2018 4:15:49 PM

यमुनानगर(ब्यूरो): 15-20 हथियारबंद बदमाश गत रात हमीदा पुलिस चौकी पर हमला कर कार दुर्घटना के आरोपी शक्ति को छुड़वा ले गए। इससे पहले आरोपियों ने यहां दुर्घटना के शिकायतकर्ता रोबिन व राजन सहित ए.एस.आई. अमरीक सिंह, हैड कांस्टेबल मनोज कुमार व होम गार्ड से मारपीट की। आरोपियों ने कई मोटरसाइकिल्स क्षतिग्रस्त कर दीं और एक को आग के हवाले कर दिया। देर रात डी.एस.पी. राम कुमार वालिया पुलिस बल के साथ चौकी पहुंचे।

ए.एस.आई. अमरीक सिंह ने बताया कि घटना साढ़े 11 बजे के बाद की है। वे और हैड कांस्टेबल मनोज उत्तरवादी पक्ष के शक्ति और शिकायतकर्ता राजन व रोबिन की मौजूदगी में मामले की सुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान विक्रांत बग्गा वासी आत्मापुरी कालोनी, अमित उर्फ मितवा कड़वा, हैप्पी राजा 10-15 लड़कों के साथ आए जिनके हाथ में डंडे, बिंडे व ईंटें थीं। आरोप है कि आते ही गाली-गलौच किया और हैड कांस्टेबल मनोज पर ईंट से वार कर घायल कर दिया। आरोपियों ने मनोज का मोबाइल छीन लिया और पब्लिक मैन पर भी हमला किया। आरोपियों ने गैलरी में खड़ी कई मोटरसाइकिल्स तोड़ दीं व ट्यूबलाइट फोड़ी तथा एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया और आरोपी शक्ति को पुलिस की पकड़ से छुड़वा ले गए। करीब 1 घंटे तक आरोपी चौकी में उत्पात मचाते रहे। 

उल्लेखनीय है कि आरोपी शक्ति ने कार का एक्सीडैंट किया था। पिटाई के डर से भीड़ ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। यह बग्गा ग्रुप का साथी बताया जाता है। यमुनानगर शहर पुलिस के मुताबिक मुख्यारोपी विक्रांत उर्फ बग्गा वासी आत्मापुरी पुराना हमीदा है। उस पर वर्ष 2012 से 2016 तक कई धाराओं में 14 मामले दर्ज हैं। सभी में वह बेल पर था। 6 मामलों में बरी, 5 में अपराधी व 3 मामले विचाराधीन हैं।

यमुनानगर शहर के थाना प्रभारी ओम प्रकाश का कहना है कि मुख्यारोपी विक्रांत सहित 10-15 लोगों पर 11 से अधिक धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर हत्या प्रयास और स्नैचिंग सहित अन्य कई धाराएं लगाई गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। 

Nisha Bhardwaj