हरियाणा में गेहूं की खरीद कल से शुरू, केंद्रों पर रहेंगे सुरक्षा कर्मी तैनात

4/19/2020 10:52:09 PM

 

सिरसा(सतनाम): हरियाणा में कल से गेहूं खरीद शुरू होगी। इसके लिए सिरसा प्रशासन ने पूरी व्यवस्था कर ली है। किसानों का पंजीकरण किया गया है। इसी आधार पर सूची बनाई गई है। सूची में शामिल किसानों को समय व दिन की जानकारी दी जाएगी। प्रत्येक किसान एक दिन में एक ट्राली गेहूं अनाज मंडी में बेच सकेगा।

एक ट्राली में जितनी भी गेहूं आइगी वह सारी खरीदी जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त रमेश चन्द्र बिढ़ान ने कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी। इस मौके पर डीआईजी एवं एसएसपी अरूण नेहरा भी मौजूद रहे।

उपायुक्त रमेश चन्द्र बिढ़ान ने कहा कि सिरसा जिला में गेहूं खरीद के लिए कुल 186 खरीद केन्द्र बनाए गए हैं। इस सभी खरीद केन्द्र पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के नियमों की पालना करते हुए किसान अपनी फसल मंडी में बेच सकेंगे।

उन्होंने कहा कि मंडी में फसल बेचने के लिए किसानों की नाम सहित सूची जारी की गई है। तय समय व स्थान पर पहुंचकर किसान अपनी फसल बेच सकेंगे। उपायुक्त ने कहा कि सरसों की तरह गेहूं की फसल पर किसी तरह की कोई सीलिंग नहीं होगी। सूची में शामिल प्रत्येक किसान से एक ट्राली गेहूं खरीदी जाएगी। ट्राली में किसान जितनी भी गेहूं लाएगा उसकी खरीद होगी। एक दिन में एक किसान से एक ट्राली ही गेहूं खरीदी जाएगी।

वहीं डीआईजी एवं एसएसपी डा. अरूण नेहरा ने कहा कि मंडियों में फसल बेचने आने वाले किसानों को एक ट्रैक्टर के साथ एक ट्राली लगाने की इजाजत होगी। गेहूं खरीद के लिए बनाए गए केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाइवे के सभी ढाबे कल से खोले जा सकेंगे। इसके लिए सम्बंधित ढाबा संचालक को प्रशासन से अनुमति लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में किसी भी रेस्तरां को खोलने की कोई इजाजत नहीं दी गई है।

Edited By

vinod kumar