नए साल से मिलेगा शुद्ध सरसों का तेल मात्र 20 रू. प्रति लीटर: सीएम

12/30/2017 3:24:19 PM

करनाल(विकास मेहला): श्रमिक जागरूकता एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दावा किया है कि, आने वाले साल 2018 में गरीबों को शुद्ध सरसों का तेल मात्र 20 रूपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं उन्होंने चीनी की कीमत मात्र 13 रूपये किलो बताई है। इस दौरान उन्होंनें कई परियोजनाओं का का उद्घाटन करते हुए करनाल की जनता को करोड़ों की सौगात दी।



मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि, जिले की 748 बहनों के लिए 11 करोड़ रुपए की राशि वितरित की गई है और 500 सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि, अगले महीने 1 जनवरी 2018 से गरीब परिवारों को 20 रुपए प्रति लीटर शुद्ध सरसों का तेल व चीनी 13 रुपए प्रतिकिलो में मिलेगी। साथ ही पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि, पिछली सरकारों ने जिन योजनाओं को लागू करने की पहल नहीं की, उसे हम लागू कर रहे हैं।



मुख्यमंत्री ने कहा कि, हरियाणा सरकार किसानों के लिए भावान्तर भरपाई योजना की शुरूआत करने जा रही है। जो मुख्य रूप से सब्जी की फसल के लिए होगी। जिसमे किसान की अगर सब्जी की फसल का अंतर लागत से नीचे आ जाता है तो उसकी भरपाई हरियाणा सरकार करेगी। वहीं सोनीपत में शहीद की पत्नी को ईलाज नहीं मिलने से हुई मौत के मामले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा मामले की जांच करवाई जा रहीं है।



करनाल को मिली साढ़े 51 करोड़ की सौगात
सम्मान समारोह कार्यक्रम में पहुचें मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल को 51 करोड़ 32 लाख रूपये की परियोजना की बड़ी सौगात दी है। इसी बीच तीन परियोजनाओं का उद्घाटन व छ: परियोजनाओं का शिलान्यास किया।