दो गुटों के बीच हुआ झगड़ा, एक ग्रुप ने दूसरे पर लगाया दबंगई दिखाने का आरोप

10/23/2020 3:34:56 PM

घरौंडा (विवेक राणा): उपमंडल घरौंडा के गांव कोहंड में आपसी गुटबाजी के चलते दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान हुई कहासुनी व मारपीट डीएसपी कार्यालय एवं अस्पताल परिसर में भी जारी रही। इसमें एक गुट के बलराज ने आरोप लगाए कि वह गांव में सरपंच का चुनाव लड़ चुका है। दूसरा ग्रुप नहीं चाहता कि वह आगे चुनाव लड़े। इसलिए वो उसे परेशान करते हैं। बलराज ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरपंच व एक पूर्व सरपंच आपस में मिले हुए हैं। उनके ग्रुप के लोगों ने कार से उतार कर उसके साथ मारपीट की।



उन्होंने गंडासी से उसके ऊपर वार किया। जब मामला पुलिस थाने पहुंचा तो पुलिस वालों ने उसी के खिलाफ एक्शन लेने की बात कही। इस पर वो एसपी से मिले। एसपी से मिलने के बाद मामला डीएसपी घरौंडा के पास आया। बलराज ग्रुप ने कहा है कि दूसरी पार्टी के लोगों ने डीएसपी दफ्तर में भी पुलिसकर्मियों के सामने ही उनके ग्रुप के एक व्यक्ति को थप्पड़ मारा। इससे दोनों पक्षों के बीच टकराव हो गया। यही नहीं जब वे अपना मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल पहुंचे तो वहां भी दूसरे ग्रुप ने दबंगई दिखाते हुए उनके साथ मारपीट की। बलराज का कहना है कि दोनों घटनाओं की फुटेज सीसीटीवी कैमरों में कैद है। 



इस बारे घरौंडा डीएसपी नरेंद्र कुमार का कहना है कि दोनों पक्ष उसके पास आए थे और दोनों पक्षों ने अपनी बात रखी थी। जाते वक्त किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी के चलते दोनों ग्रुपों में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी, लेकिन दोनों पक्षों को शांत कर दिया गया था। पता चला है कि आगे जाकर फिर दोनों पक्षों में कोई कहासुनी व झगड़ा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

vinod kumar